पटना : बिहार की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ परिसर से बिहार पुलिस के उपयोग के लिए 48 पुलिस बस, 30 चार पहिया वाहन और 6 एंबुलेंस का लोकार्पण कर उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

वाहनों के लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली और कहा कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस बल को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए वाहनों के शामिल होने से बिहार पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता (Quick Response) में वृद्धि होगी, गश्ती व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में तेजी से कार्रवाई संभव हो सकेगी। इससे आम जनता को बेहतर सुरक्षा और पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक संसाधनों से लैस पुलिस बल राज्य में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में और अधिक सक्षम होगा। सरकार का उद्देश्य पुलिसिंग को तकनीकी रूप से मजबूत और जनहित के अनुरूप अधिक प्रभावी बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, गृह विभाग के सचिव कुंदन कुमार, पुलिस महानिदेशक (निगरानी) जे.एस. गंगवार, पुलिस महानिदेशक (अभियान) कुंदन कृष्णन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

You missed