रांची : झारखंड के पारा शिक्षकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने 7,299 सहायक आचार्य (पारा कोटि) पदों पर नियुक्ति के लिए झारखंड प्रशिक्षित सहायक आचार्य (पारा कोटि) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026 का विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग ने पात्र पारा शिक्षकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 31 जुलाई 2026 से शुरू होगी और 30 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि तक चलेगी। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क का भुगतान 1 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि तक किया जा सकेगा, जबकि फोटो और हस्ताक्षर अपलोड कर आवेदन पत्र का प्रिंटआउट लेने के लिए 3 सितंबर 2026 तक लिंक उपलब्ध रहेगा।
7,299 पदों पर होगी नियुक्ति
भर्ती अभियान के तहत कुल 7,299 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें 6,109 पद नियमित नियुक्ति और 1,190 पद बैकलॉग नियुक्ति के लिए निर्धारित किए गए हैं।
क्या होगी योग्यता?
आयोग के अनुसार, अभ्यर्थियों के लिए राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) द्वारा निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के साथ संबंधित कक्षाओं के लिए झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा।
हालांकि, CTET या झारखंड के पड़ोसी राज्यों की Teacher Eligibility Test (TET) पास कर चुके पारा शिक्षक भी इस परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। ऐसे अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिलने के बाद तीन वर्ष के भीतर तथा पहले उपलब्ध अवसर में JTET पास करना अनिवार्य होगा।
महत्वपूर्ण तिथियां
* ऑनलाइन आवेदन शुरू: 31 जुलाई 2026
* आवेदन की अंतिम तिथि: 30 अगस्त 2026 (मध्यरात्रि)
* शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि: 1 सितंबर 2026
* फोटो/हस्ताक्षर अपलोड व प्रिंटआउट: 3 सितंबर 2026 तक
इस भर्ती को झारखंड के हजारों पारा शिक्षकों के लिए नियमित नियुक्ति की दिशा में एक बड़ा अवसर माना जा रहा है। इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की सलाह दी गई है।
विकास कुमार उपाध्याय
