भागलपुर :  सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, भागलपुर में गुरुवार को विद्या भारती द्वारा आयोजित पांच दिवसीय विभाग स्तरीय घोष अभ्यास (प्रशिक्षण) वर्ग का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन भारती शिक्षा समिति के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, बांका विभाग के विभाग निरीक्षक ब्रह्मदेव प्रसाद, भागलपुर के जिला निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, प्रो. अरविंद कुमार सिंह, डॉ. मनोज कुमार तथा पूर्व छात्र अनुराग महाराणा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया।

कार्यक्रम के दौरान “एक पौधा मां के नाम” अभियान के तहत अतिथियों और कैडेट्स ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर विभाग निरीक्षक ब्रह्मदेव प्रसाद ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े गैर-सरकारी शैक्षणिक संगठन विद्या भारती के निर्देशन में आयोजित यह पांच दिवसीय घोष प्रशिक्षण वर्ग विद्यार्थियों को घोष वादन का व्यावहारिक ज्ञान और अनुशासित अभ्यास प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संचालन में घोष वादन के साथ होने वाला पद संचलन राष्ट्र जागरण और सामाजिक चेतना का प्रभावी माध्यम है।

प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने कहा कि विद्या भारती का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूकता विकसित करना भी है। उन्होंने बताया कि संगठन अपने पांच केंद्रीय विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्वों पर घोष या बैंड की मधुर धुन सभी को आकर्षित करती है तथा अमृत महोत्सव के अवसर पर लगभग 30 हजार विद्यार्थियों को घोष प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम में अतिथियों का परिचय जिला निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने कराया, जबकि मंच संचालन डॉ. संजीव कुमार झा ने किया। इस अवसर पर शांतनु आनंद, चंद्रचूड़ कुमार, मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा सहित विद्यालय के सभी आचार्य, आचार्याएं एवं बड़ी संख्या में कैडेट्स उपस्थित रहे।

भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट

You missed