भागलपुर : सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर के प्राथमिक खंड एवं पूरनमल सावित्री देवी बाजोरिया सरस्वती शिशु मंदिर, नरगाकोठी, चंपानगर, भागलपुर में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राधा-कृष्ण के वेश में सजे भैया-बहनों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की। इसके साथ ही भजन, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कहा कि भारतीय पर्व एवं त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के परिचायक हैं। बच्चों को इनके आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व से परिचित कराना शिक्षा का महत्वपूर्ण अंग है। ऐसे आयोजनों से बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें संस्कार, अनुशासन, सहयोग की भावना और राष्ट्रभक्ति का भी विकास होता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में ममता जायसवाल, मनोज तिवारी, शशि भूषण मिश्र, अभिजीत आचार्य, अमर ज्योति, आभाष कुमार, ऋषि देवाशीष, शुभम कुमार, सुजीत कुमार, शशिकांत गुप्ता, संजीव ठाकुर, सुबोध ठाकुर, गोपाल प्रसाद सिंह, मोनालिसा, नेहा, साक्षी, खुशबू, रेणु कुमारी, कविता पाठक, अनीता देवी, सुलेखा देवी एवं मनीष कुमार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकों एवं सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जन्माष्टमी उत्सव के दौरान विद्यालय परिसर भक्तिमय एवं उत्सवपूर्ण माहौल से सराबोर रहा। बच्चों की प्रस्तुतियों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप और उनकी लीलाओं को जीवंत कर दिया।
भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट
