भागलपुर: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर 3 अक्टूबर 2026 को भागलपुर नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गा पूजा महासमिति, शांति समिति, नगर निगम के विभिन्न विभागों के प्रभारी एवं निगम के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान शहर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, सड़क एवं मार्गों की स्थिति, पानी के लीकेज, पेड़ों की छंटाई, अतिक्रमण हटाने और विसर्जन घाट व विसर्जन मार्ग से जुड़ी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

दुर्गा पूजा महासमिति के अध्यक्ष अभय घोष ‘सोनू’ ने कहा कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम को संबंधित समस्याओं का समय पर समाधान करना चाहिए। उन्होंने विसर्जन घाट पर बनाए गए कृत्रिम तालाब को प्रतिमा विसर्जन के अनुकूल तैयार कराने की मांग की, ताकि प्रतिमाओं का विधिवत विसर्जन हो सके। साथ ही विसर्जन शोभायात्रा के दिन स्टेशन चौक से काली विसर्जन घाट तक पूर्व वर्षों की तरह आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने की मांग रखी।
महासमिति के कार्यकारी अध्यक्ष कन्हैयालाल ने नगर निगम द्वारा लगाए गए सभी सोलर लाइटों की जांच कर उन्हें चालू कराने तथा पूजा स्थलों, पहुंच मार्गों और विसर्जन मार्ग पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की। महासमिति के संरक्षक कमल जायसवाल ने समिति और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महासमिति की ओर से चिन्हित समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान होना जरूरी है।

महासमिति के महामंत्री जय नंदन आचार्य ने बताया कि इस वर्ष 11 अक्टूबर को प्रथम पूजा एवं कलश स्थापना होगी, जबकि 21 अक्टूबर को विजयादशमी और 22 अक्टूबर को विसर्जन शोभायात्रा आयोजित होगी। संरक्षक तापस घोष ने बंगाली परंपरा के अनुसार होने वाली पूजा और विसर्जन की तिथियों को लेकर भी चर्चा की।
महासमिति के उपाध्यक्ष राकेश रंजन केसरी ने मीरजानहाट दुर्गा स्थान से मोदीनगर दुर्गा स्थान के बीच बुडको द्वारा की गई खुदाई को दुरुस्त कराने तथा गंगटा पोखर विसर्जन मार्ग की मरम्मत कराने की मांग रखी।
महासमिति की ओर से भागलपुर शहर की विभिन्न पूजा समितियों और क्षेत्रों का भ्रमण कर पूजा के दौरान सामने आने वाली आवश्यक समस्याओं का संकलन किया गया। इन समस्याओं से संबंधित सूची नगर आयुक्त को सौंपी गई। नगर आयुक्त ने संबंधित विभागों के प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही। साथ ही निर्देशों की प्रति महासमिति को उपलब्ध कराने पर सहमति बनी, ताकि समिति संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यों को समय पर पूरा करा सके।
बैठक में महासमिति के उपाध्यक्ष शंभूनाथ भगत, इंजीनियर रवि, अंकेक्षक पवन शाह, कोषाध्यक्ष तरुण घोष, चिकित्सा पदाधिकारी अशोक सरकार, सचिव पिंकी बागोरिया, मीडिया प्रभारी विशाल कुमार, कार्यालय मंत्री शशांक जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट
