भागलपुर: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से श्री श्री 108 दुर्गा पूजा महासमिति, भागलपुर की ओर से शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा स्थलों का व्यापक क्षेत्र भ्रमण किया गया। महासमिति के अध्यक्ष अभय कुमार घोष (सोनू जी) के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने अलग-अलग पूजा स्थलों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया और पूजा समितियों के सदस्यों से मुलाकात की।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान महासमिति के पदाधिकारियों ने पूजा समितियों की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान संबंधित समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने का आश्वासन भी दिया गया। महासमिति ने पूजा समितियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और पूजा व्यवस्था को सुचारु बनाने पर जोर दिया।

इस दौरान पार्वती दुर्गा स्थान, छितनु सिंह अखाड़ा दुर्गा स्थान, हरियापट्टी, साहिबगंज दुर्गा स्थान, कंपनीबाग, मंदरोजा (खलीफाबाग), बिहारी शाह दुर्गा स्थान, मारवाड़ी पाठशाला युवक संघ, मुंदीचक गढ़ैया, मिश्रा टोली, भीखनपुर और तिलकामांझी दुर्गा स्थान सहित शहर के विभिन्न पूजा स्थलों का भ्रमण किया गया।

इस अवसर पर महासमिति के संरक्षक कमल जायसवाल, कार्यकारी अध्यक्ष कन्हैयालाल, कोषाध्यक्ष तरुण घोष, मीडिया प्रभारी विशाल कुमार, कार्यालय मंत्री शशांक जायसवाल, सचिव गुड्डू राय और कार्यकारिणी सदस्य प्रहलाद चौधरी उपस्थित रहे।

महासमिति का मुख्य उद्देश्य सभी दुर्गा पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना, पूजा व्यवस्था को बेहतर बनाना और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल तैयार करना है। महासमिति ने शांतिपूर्ण और भव्य दुर्गा पूजा आयोजन के लिए सामूहिक प्रयासों तथा आपसी सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।

भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट