पटना/गया: बिहार में अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गयाजी से बैंकॉक के लिए इंडिगो एयरलाइंस की पहली नॉन-स्टॉप अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा (6E 1083) का शुभारंभ किया। इस नई सेवा से बिहार और थाईलैंड के बीच हवाई संपर्क बेहतर होगा। साथ ही, राज्य में पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उड़ान से यात्रा करने वाले सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बिहार में नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में लगातार विस्तार किया जा रहा है। गयाजी से बैंकॉक के बीच सीधी उड़ान शुरू होने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गयाजी की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और बिहार को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।
बौद्ध पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि गयाजी और बोधगया दुनियाभर के बौद्ध श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए विशेष महत्व रखते हैं। सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू होने से विदेशों से आने वाले पर्यटकों को यात्रा में सुविधा होगी। इससे भगवान बुद्ध की ज्ञान और करुणा की भूमि बिहार तथा थाईलैंड के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधों को नई गति मिलने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई संपर्कता से मगध क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं का विस्तार होगा। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और पर्यटन से जुड़े अन्य व्यवसायों को भी लाभ मिल सकता है। इसके साथ ही बिहार की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।
सप्ताह में दो दिन संचालित होगी उड़ान
गयाजी और बैंकॉक के बीच इंडिगो एयरलाइंस की सीधी उड़ान सेवा सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। मुख्यमंत्री ने इस पहल में सहयोग के लिए इंडिगो एयरलाइंस का आभार जताया और कहा कि राज्य में अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए आगे भी सहयोग और समन्वय को प्रोत्साहित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पटना, दरभंगा, गयाजी और पूर्णिया एयरपोर्ट के माध्यम से बिहार में हवाई संपर्कता को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य सरकार नए अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर हवाई सेवाओं के विस्तार की दिशा में भी काम कर रही है। बेहतर एयर कनेक्टिविटी से बिहार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकास के नए अवसरों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान इंडिगो एयरलाइंस के स्पेशल डायरेक्टर आर.के. सिंह ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने गयाजी-बैंकॉक मार्ग पर इंडिगो की पहली नॉन-स्टॉप उड़ान का सांकेतिक बोर्डिंग पास भी मुख्यमंत्री को भेंट किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह, नागरिक विमानन विभाग के सचिव नीलेश रामचन्द्र देवरे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, गयाजी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विधायक, जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और इंडिगो एयरलाइंस के प्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल हुए।
गयाजी से बैंकॉक के बीच सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान की शुरुआत को बिहार में हवाई संपर्कता के विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ राज्य की अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संबंधों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
