भागलपुर : सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, भागलपुर में शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को धन्वंतरि पूजा के शुभ अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा एक प्रेरणादायी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्रों ने भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ी शुभ आकृतियों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वास्तिक, दीपक और कलश जैसी भारतीय संस्कृति की शुभ प्रतीकात्मक आकृतियों का प्रत्यक्ष रूप से निर्माण किया। छात्रों द्वारा प्रस्तुत इन आकृतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया और भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान एवं सांस्कृतिक चेतना का संदेश दिया। इस अवसर पर दीप प्रज्वलन एवं स्तुति के माध्यम से माता लक्ष्मी की आराधना भी की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कहा कि भारतीय संस्कृति के पर्व एवं त्योहार हमारे जीवन में ऊर्जा, उत्साह और प्रेरणा का संचार करते हैं। भारतीय संस्कृति की अपनी विशिष्ट पहचान है और यहां मनाए जाने वाले पर्व-त्योहारों का धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व होने के साथ-साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण भी है।

उन्होंने धन्वंतरि पूजा, दीपावली और छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहारों को केवल उत्सव के रूप में मनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनसे मिलने वाली सकारात्मक सीख और संदेशों को अपने दैनिक जीवन में भी अपनाना चाहिए। पर्व-त्योहार हमें आपसी प्रेम, सद्भाव, स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक एकता की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति और परंपराओं के मूल्यों को समझने तथा उन्हें अपने आचरण में शामिल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य एवं आचार्या सहित मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा तथा अन्य शिक्षक-कर्मचारी उपस्थित रहे।
