रांची: झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री राज्य के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे। इस दौरान 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स के साथ झारखंड ओलिंपियाड, आईसीटी चैंपियनशिप और आकांक्षा योजना के तहत इंजीनियरिंग एवं मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

इस संबंध में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। विभाग की ओर से सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों की सूची भी भेज दी गई है।

जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के टॉपर्स होंगे सम्मानित

राज्य स्तरीय समारोह में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक), सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की इस वर्ष आयोजित 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में राज्य स्तर पर प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

जैक बोर्ड के 10वीं और 12वीं के क्रमशः 12 और 10 विद्यार्थियों को पुरस्कार मिलेगा। वहीं, सीबीएसई के 10वीं के 11 और 12वीं के 17 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। आईसीएसई बोर्ड के 10वीं के 14 तथा 12वीं के 18 विद्यार्थियों को पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के 12 टॉपर्स भी सम्मानित होंगे।

तीन लाख रुपये नकद और लैपटॉप मिलेगा पुरस्कार

मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने आकर्षक पुरस्कारों की व्यवस्था की है। सभी चयनित टॉपर्स को लैपटॉप और मोबाइल फोन दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को तीन लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को दो लाख रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को एक लाख रुपये नकद पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे।

ओलिंपियाड और प्रतियोगी परीक्षाओं के सफल विद्यार्थी भी होंगे सम्मानित

इस समारोह में झारखंड ओलिंपियाड के 15 विजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं, आकांक्षा योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को विशेष सम्मान मिलेगा। इनमें जेईई एडवांस में सफल 35, नीट-यूजी में सफल 12 और क्लैट में सफल तीन विद्यार्थी शामिल हैं।

इसके अलावा पिछले वर्ष आयोजित आईसीटी चैंपियनशिप के विजेताओं को भी स्थापना दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाना और अन्य छात्रों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।

विकास कुमार उपाध्याय