पटना : बिहार सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए बागवानी खेती को प्रोत्साहित कर रही है। इसी कड़ी में चतुर्थ कृषि रोड मैप के तहत ‘गांव की बागवानी, हमारे गौरव की कहानी’ पहल के अंतर्गत क्लस्टर में बागवानी योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत किसानों को चयनित फल एवं सुगंधित पौधों की खेती के लिए प्रति एकड़ एक लाख रुपये और ड्रैगन फ्रूट की खेती के लिए अधिकतम दो लाख रुपये तक अनुदान दिया जाएगा।
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ व्यावसायिक बागवानी अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
इन फसलों की खेती पर मिलेगा अनुदान
योजना के अंतर्गत अमरूद, नींबू, एप्पल बेर, बेल, कटहल, आंवला, अनार, पपीता और ड्रैगन फ्रूट सहित चयनित उद्यानिकी एवं सुगंधित पौधों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभाग ने विभिन्न फसलों के खेती क्षेत्र का लक्ष्य भी निर्धारित किया है। इसके तहत आंवला के लिए 50 हेक्टेयर, एप्पल बेर के लिए 30 हेक्टेयर, अमरूद के लिए 190 हेक्टेयर, नींबू के लिए 210 हेक्टेयर और अनार के लिए 10 हेक्टेयर का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में पपीते की खेती के लिए 40 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया था।
दो किस्तों में मिलेगा अनुदान
कृषि विभाग के अनुसार, चयनित उद्यानिकी एवं सुगंधित फसलों की खेती के लिए प्रति एकड़ एक लाख रुपये तथा ड्रैगन फ्रूट की खेती के लिए प्रति एकड़ दो लाख रुपये तक अनुदान दिया जाएगा। यह राशि दो किस्तों में 65:35 के अनुपात में किसानों को उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना का लाभ लेने के लिए किसान न्यूनतम 0.25 एकड़ से लेकर अधिकतम 10 एकड़ तक भूमि में बागवानी कर सकते हैं। योजना के तहत क्लस्टर का न्यूनतम रकबा भी 0.25 एकड़ निर्धारित किया गया है।
बटाईदार किसानों और महिलाओं को भी मिलेगा लाभ
योजना की खास बात यह है कि इसमें केवल जमीन के मालिक किसानों को ही नहीं, बल्कि गैर-रैयत यानी बटाईदार किसानों को भी शामिल किया गया है। पपीते की खेती के लिए भूमि संबंधी एकरारनामा प्रस्तुत करने पर बटाईदार किसान भी योजना का लाभ उठा सकेंगे। इसके अलावा, योजना में कम से कम 30 प्रतिशत महिला किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे महिला किसानों को भी बागवानी के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिलेगा।
31 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन का मौका
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इच्छुक किसानों से 31 दिसंबर 2026 तक कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। योजना का लाभ लेने के लिए किसान का डीबीटी पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। आवेदन के दौरान जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। गलत जानकारी देने या दस्तावेजों में त्रुटि पाए जाने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है।
पौधों की 75 प्रतिशत उत्तरजीविता अनिवार्य
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और बागवानी क्लस्टरों के टिकाऊ विकास के लिए पौधों की कम से कम 75 प्रतिशत उत्तरजीविता अनिवार्य रखी गई है। इसका उद्देश्य लगाए गए पौधों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करना और किसानों को लंबे समय तक बेहतर उत्पादन दिलाना है। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को आत्मनिर्भर एवं लाभकारी बनाने के विजन को साकार करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। क्लस्टर आधारित बागवानी से किसानों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, बेहतर बाजार और व्यावसायिक खेती के अवसर मिलेंगे। उन्होंने किसानों से इस योजना का लाभ उठाकर बिहार को उद्यानिकी के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में योगदान देने की अपील की।
