पटना: बिहार में आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। राज्य में AI एवं मशीन लर्निंग आधारित ग्लोबल डिलीवरी सेंटर स्थापित किया जाएगा। इसके लिए बिहार सरकार के सूचना प्रावैधिकी विभाग और AI कंपनी टाइगर एनालिटिक्स इंडिया कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में 24 नवंबर को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में यह समझौता हुआ। प्रस्ताव के अनुसार, वर्ष 2027 तक इस सेंटर की स्थापना की जाएगी, जिससे राज्य के करीब 200 युवाओं को उच्च कौशल वाले रोजगार के अवसर मिलेंगे।

बिहार को AI इकोसिस्टम हब बनाने की तैयारी

इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य बिहार को देश के प्रमुख आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इकोसिस्टम हब के रूप में विकसित करना है। इसके तहत राज्य के छात्र-छात्राओं, युवाओं, तकनीकी पेशेवरों और सरकारी अधिकारियों को AI एवं डेटा एनालिटिक्स के क्षेत्र में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

ग्लोबल डिलीवरी सेंटर के माध्यम से युवाओं की तकनीकी दक्षता और कौशल को विकसित किया जाएगा। इससे उन्हें भविष्य की उभरती तकनीकों के अनुरूप रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसर मिल सकेंगे। साथ ही बिहार की तकनीकी प्रतिभाओं को राज्य में ही बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी मदद मिलेगी।

तीन नई नीतियों से तकनीकी निवेश को मिलेगा

बिहार सरकार राज्य में आईटी और तकनीकी क्षेत्र के निवेश को आकर्षित करने के लिए Bihar IT Policy 2024, Bihar GCC Policy 2026 और Bihar AI Policy 2026 लागू कर चुकी है। इन नीतियों के तहत कंपनियों को वित्तीय प्रोत्साहन, आधुनिक तकनीकी आधारभूत संरचना और कारोबार स्थापित करने में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। सरकार की इस पहल से राज्य में आईटी और AI आधारित उद्योगों के विकास को गति मिलने की उम्मीद है। ग्लोबल डिलीवरी सेंटर की स्थापना से न केवल युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के लिए भी बिहार में निवेश के रास्ते खुलेंगे।

टाइगर एनालिटिक्स निभाएगा इंडस्ट्री पार्टनर की भूमिका

इस परियोजना में टाइगर एनालिटिक्स इंडस्ट्री पार्टनर के रूप में अपनी भूमिका निभाएगा। सेंटर के जरिए AI, मशीन लर्निंग और डेटा एनालिटिक्स जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षण एवं कार्य के अवसर विकसित किए जाएंगे। बिहार में AI आधारित ग्लोबल डिलीवरी सेंटर की स्थापना को राज्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

इस अवसर पर सूचना प्रावैधिकी सह नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह तथा टाइगर एनालिटिक्स के वाइस प्रेसिडेंट एवं ग्लोबल हेड बद्रीश प्रकाश सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।