पटना: बिहार में सरकार बनाने की तैयारी जारी है। नई सरकार का शपथ ग्रहण पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होगा। यह समारोह बेहद भव्य होने वाला है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और एनडीए के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। अनुमान है कि लाखों लोग इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे। शपथ ग्रहण से पहले आज एनडीए के दो प्रमुख दल जदयू और भाजपा अपने-अपने विधायक दल की बैठक हुई। बैठक के बाद नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुन लिया गया।

जदयू की बैठक सुबह 11 बजे मंत्री श्रवण कुमार के आवास पर हुई जिसमें नीतीश कुमार को जदयू विधायक दल का नेता चुन लिया गया। इधर बीजेपी विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को विधानमंडल दल का नेता चुना गया और विजय कुमार सिन्हा को उपनेता चुना गया। इन बैठकों के बाद विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक हुई। जिसमें नीतीश कुमार को औपचारिक रूप से नेता चुना गया। अब वो राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

नीतीश कुमार के लिए यह ऐतिहासिक क्षण होगा क्योंकि वे दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। गांधी मैदान में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। एनडीए नेताओं को उम्मीद है कि यह आयोजन बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय लिखेगा।

कल सुबह 11:30 बजे से गांधी मैदान में शपथ ग्रहण कार्यक्रम शुरू होगा। पीएम मोदी 12: 30 बजे तक गांधी मैदान पहुंचेंगे। कई एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। नीतीश कुमार के साथ 20 अन्य मंत्री भी ले सकते हैं शपथ। कल नीतीश कुमार 10 वी बार लेंगे बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ। साल 2010 के बाद पहली बार गांधी मैदान में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।