पटना/नई दिल्ली : बिहार सरकार कृषि क्षेत्र में डिजिटल क्रांति की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नई दिल्ली में Google के गवर्नमेंट बिजनेस हेड आशीष वट्टल और उनकी टीम के साथ बैठक कर Farmer ID, डिजिटल कृषि सेवाओं तथा किसानों को बीज से बाजार (Seed to Market) तक तकनीक आधारित सुविधाएं उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक के बाद कृषि मंत्री ने कहा कि देश की विकास यात्रा “जय जवान, जय किसान” से आगे बढ़कर “जय विज्ञान” और अब “जय अनुसंधान” के दौर में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आधुनिक तकनीक, नवाचार और डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से कृषि क्षेत्र को नई दिशा दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार का लक्ष्य प्रत्येक किसान की Farmer ID तैयार करना है। यह केवल पहचान पत्र नहीं, बल्कि किसान का डिजिटल कृषि रिकॉर्ड होगा, जिसमें उर्वरक, कीटनाशक, सरकारी योजनाओं की सब्सिडी, फसल खरीद और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक अधिक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचेगा।

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि Farmer ID को भूमि अभिलेखों से जोड़ने से जमीन संबंधी विवादों में कमी आएगी। दाखिल-खारिज, परिमार्जन और भूमि रिकॉर्ड की प्रक्रिया अधिक सरल एवं पारदर्शी होगी, जिससे किसानों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर कम लगाने पड़ेंगे और न्यायालयों पर भी भूमि विवादों का बोझ घटेगा।

उन्होंने कहा कि बिहार के 96 प्रतिशत से अधिक किसान लघु एवं सीमांत किसान हैं। ऐसे किसानों के लिए उनकी जमीन सबसे बड़ी संपत्ति है। इसलिए तकनीक का उपयोग इस प्रकार किया जाएगा कि उनकी भूमि सुरक्षित रहे और उन्हें सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

कृषि मंत्री ने बताया कि बिहार की लगभग 76 प्रतिशत आबादी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कृषि पर निर्भर है। ऐसे में Google जैसी वैश्विक तकनीकी कंपनी के सहयोग से कृषि क्षेत्र के लिए आधुनिक डिजिटल समाधान विकसित करने की दिशा में गंभीर प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि Google द्वारा प्रस्तुत तकनीकी मॉडल का कृषि विभाग विस्तृत अध्ययन करेगा। विभाग अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप विशेषज्ञों के साथ समन्वय स्थापित कर किसानों के हित में प्रभावी डिजिटल कृषि व्यवस्था विकसित करेगा, जिससे बिहार की कृषि को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।

You missed