पटना : प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन और आवास निर्माण की तेज रफ्तार के लिए बिहार को दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। विश्व पर्यावास दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से बिहार को यह सम्मान प्रदान किया गया।

राज्य के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने इस उपलब्धि को बिहार के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि ये पुरस्कार राज्य में PMAY-U 2.0 के सफल क्रियान्वयन, स्वीकृत आवासों की ग्राउंडिंग में बेहतर प्रदर्शन और पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के निरंतर प्रयासों का परिणाम हैं।

दो श्रेणियों में बिहार को मिला सम्मान

बिहार को PMAY-U 2.0 के तहत दो अलग-अलग श्रेणियों में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। पहला पुरस्कार सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य की श्रेणी में दिया गया। इसके तहत स्वीकृत आवासों की तुलना में सर्वाधिक आवासों की ग्राउंडिंग सुनिश्चित करने के लिए बिहार को सम्मानित किया गया।

वहीं, दूसरा पुरस्कार बड़े राज्यों की श्रेणी में विशेष मान्यता के रूप में प्रदान किया गया। निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले सर्वाधिक प्रतिशत आवास स्वीकृत करने में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बिहार को यह सम्मान मिला।

यह पुरस्कार आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के राज्य मंत्री तोखन साहू द्वारा प्रदान किया गया। समारोह में बिहार के नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से सचिव डॉ. संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी, विशेष सचिव-सह-मिशन निदेशक शाहिद परवेज़ तथा परियोजना पदाधिकारी-सह-अपर निदेशक उमाकांत पांडे ने पुरस्कार प्राप्त किए।

‘सबके लिए आवास’ के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा बिहार

मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबके लिए आवास’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में बिहार लगातार आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नागरिक-केंद्रित विकास के विजन के अनुरूप राज्य सरकार प्रत्येक पात्र परिवार को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दो राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना केवल विभाग की उपलब्धि नहीं, बल्कि उन प्रयासों की राष्ट्रीय पहचान है, जिनके माध्यम से शहरी क्षेत्रों में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर आवास उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है। मंत्री ने इस उपलब्धि के लिए विभागीय अधिकारियों और पूरी टीम को बधाई दी।