पटना: राजनीति में हर नेता के कुछ पसंदीदा अफसर होते हैं। अक्सर देखा गया है कि जब उस नेता को सरकार में मंत्रालय मिलता है तो वह कोशिश करते हैं कि अपने फेवरेट अफसर की पोस्टिंग उसी विभाग में करा लें। ऐसा ही एक ताजा मामला बिहार में देखने को मिला है। बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी आदित्य कुमार झा बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के फेवरेट माने जाते हैं। आदित्य कुमार झा का काम के प्रति क्लियरिटी और दी गई जिम्मेदारी को बखूबी निभाने की क्षमता के चलते सम्राट उन्हें पसंद करते हैं।
पिछली सरकार में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के पास बिहार का वित्त मंत्रालय था। तब तक आदित्य कुमार झा इसी मंत्रालय में ड्यूटी कर रहे थे। 2025 के चुनाव में एनडीए को मिली प्रचंड जीत के बाद नई सरकार में भी सम्राट चौधरी डिप्टी सीएम बनाए गए हैं। इस बार के कार्यकाल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को गृह विभाग भी सौंपा है।
सम्राट चौधरी के गृह मंत्रालय संभालते ही बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी आदित्य कुमार झा को इसी विभाग में बतौर ओएसडी नियुक्त किया है। आदित्य कुमार झा वर्तमान में विशेष कार्य पदाधिकारी वित्त विभाग में पदस्थापित हैं। इन्हें ट्रांसफर करते हुए विशेष कार्य पदाधिकारी गृह विभाग में पद स्थापित करने का आदेश सरकार ने जारी किया है। इससे पहले IAS पदाधिकारी संजय कुमार सिंह को सरकार ने गृह विभाग का OSD नियुक्त किया था।
बिहार में आदित्य कुमार झा की पहचान तेज तर्रार अफसर के रूप में है। यही वजह है कि सम्राट चौधरी उन्हें पसंद करते हैं। आदित्य कुमार झा सरकार की नीतियों को ग्राउंड लेवल पर पहुंचाने और उसे सही से क्रियान्वयन कराने के लिए जाने जाते हैं।
बिहार के गृह विभाग ओएसडी के अधीन 24 घंटे कमांड एंड कॉर्डिनेशन डेस्क वर्क करता है। यह हर घटना का इंटेलिजेंस नोट तैयार करता है। इससे सरकार को हर अपडेट की जानकारी मिलती रहती है। सम्राट चौधरी ने गृह मंत्रालय संभालने के साथ ही बालू-शराब और जमीन माफियाओं पर मुकम्मल कार्रवाई को लेकर आदेश दिए हैं।
