पटना: बिहार सरकार की नई फिल्म प्रोत्साहन नीति राज्य के कलाकारों और फिल्म उद्योग के लिए नए अवसर लेकर आई है। कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति 2024 के तहत राज्य में फिल्म शूटिंग करने वाले निर्माताओं को 4 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। वहीं, फिल्मों में बिहार के कलाकारों को काम देने पर उनके पारिश्रमिक का 50 प्रतिशत अतिरिक्त अनुदान भी प्रदान किया जा रहा है, जिससे स्थानीय कलाकारों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने यह बातें अभिनेता कुमार कन्हैया सिंह से पटना स्थित अपने आवास पर हुई शिष्टाचार मुलाकात के दौरान कहीं। इस अवसर पर बिहार में फिल्म निर्माण की संभावनाओं, स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और कला-संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
फिल्म शूटिंग पूरी होने के बाद लिया जा रहा फीडबैक
मंत्री ने बताया कि बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति का निर्माण विभिन्न राज्यों की फिल्म नीतियों का अध्ययन करने के बाद किया गया है। सरकार फिल्म निर्माताओं और कलाकारों से लगातार फीडबैक प्राप्त कर रही है ताकि उनकी जरूरतों के अनुरूप आगे की कार्ययोजना बनाई जा सके। उन्होंने कहा कि अब तक बिहार में 50 से अधिक फिल्मों की शूटिंग की अनुमति दी जा चुकी है, जिनमें अधिकांश फिल्मों की शूटिंग सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है। इस दौरान किसी भी फिल्म निर्माता को विशेष परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा है।
ऑनलाइन मिल रही है शूटिंग की अनुमति
डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि फिल्म निर्माताओं को अलग-अलग विभागों में अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं है। बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के माध्यम से ऑनलाइन शूटिंग परमिशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों और वेंडर्स का एक व्यापक डाटाबेस भी तैयार किया जा रहा है। राज्य के कलाकार और सेवा प्रदाता बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम की वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
बिहार को मिलेगी नई पहचान : कुमार कन्हैया सिंह
अभिनेता कुमार कन्हैया सिंह ने बिहार सरकार द्वारा लागू की गई फिल्म नीति की सराहना करते हुए कहा कि इससे राज्य में फिल्म उद्योग के विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि फिल्मों के माध्यम से बिहार के पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय भाषाओं के साथ-साथ हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं में बिहार की कहानियों को बड़े पर्दे पर लाना समय की आवश्यकता है। अभिनेता ने बताया कि उनकी फिल्म “सरकारी मीडियम” की शूटिंग के दौरान फिल्म निगम और स्थानीय प्रशासन से पूरा सहयोग मिला।
मुंबई के फिल्मकारों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का सुझाव
कुमार कन्हैया सिंह ने बताया कि वे कुछ बड़े प्रोडक्शन हाउस के संपर्क में हैं और जल्द ही बिहार में नई फिल्मों की शूटिंग शुरू करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने राज्य में फिल्म अवॉर्ड शो आयोजित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया और मुंबई में कार्यरत बिहार के फिल्म निर्माताओं एवं कलाकारों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित करने का सुझाव दिया।
मोतिहारी में हुई ‘सरकारी मीडियम’ की शूटिंग
हिंदी फिल्म “सरकारी मीडियम” की शूटिंग 17 अप्रैल से 1 मई तक पूर्वी चंपारण जिले के विभिन्न स्थानों पर की गई। फिल्म की शूटिंग महात्मा गांधी सेंट्रल यूनिवर्सिटी, चंद्रहिया, बीडी वर्ल्ड स्कूल सहित कई प्रमुख लोकेशनों पर हुई। फिल्म में कुमार कन्हैया सिंह, डॉ. तीस्या श्री, प्रिंस गुप्ता, आयुष पांडेय, कमल घिमेरे, रविकांत, गौतम गुलाल और सुकन्या पंडित मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म के लेखक और निर्देशक राज सागर हैं, जो मोतिहारी के निवासी हैं और पिछले एक दशक से मुंबई फिल्म उद्योग में सक्रिय हैं।
