पटना : बिहार की सबसे चर्चित विधानसभा सीटों में शामिल बांकीपुर उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (एनडीए) के उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी ने गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद रविशंकर प्रसाद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
यह उपचुनाव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद खाली हुई सीट पर हो रहा है। भाजपा ने इस प्रतिष्ठित सीट पर युवा नेता अभिषेक सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जिन्हें नितिन नवीन का करीबी और उनकी पसंद का उम्मीदवार माना जाता है।
मां का आशीर्वाद, पिता को श्रद्धांजलि और मंदिर में पूजा

नामांकन से पहले अभिषेक सिन्हा भावुक नजर आए। घर से निकलने से पहले उन्होंने अपनी मां के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान मां भावुक होकर रो पड़ीं, जिसे देखकर अभिषेक भी भावुक हो गए। इसके बाद उन्होंने अपने दिवंगत पिता एवं पूर्व विधायक नवीन किशोर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और नामांकन से पहले मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर जीत का आशीर्वाद मांगा।
27 वर्षों का संगठनात्मक अनुभव
अभिषेक सिन्हा कायस्थ समाज से आते हैं, जिसका बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में करीब 14 प्रतिशत वोट माना जाता है। वे वर्तमान में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं और इससे पहले पटना महानगर भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। पार्टी संगठन में करीब 27 वर्षों तक विभिन्न पदों पर काम करने के कारण उनकी पहचान भाजपा के उभरते युवा और कायस्थ चेहरे के रूप में बनी है।
‘बांकीपुर के विकास को नई गति देंगे’
नामांकन के बाद अभिषेक सिन्हा ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि बांकीपुर के विकास को नई गति देना उनकी प्राथमिकता होगी।
भाजपा ने जताया जीत का भरोसा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दावा किया कि बांकीपुर में भाजपा उम्मीदवार की जीत तय है। उन्होंने कहा कि इस सीट पर भाजपा का जनता से वर्षों पुराना रिश्ता है और एनडीए के सभी सहयोगी दल पूरी मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके अनुसार विपक्षी उम्मीदवार केवल दूसरे स्थान के लिए या वोटों के बंटवारे के लिए मैदान में हैं।
त्रिकोणीय मुकाबले ने बढ़ाई दिलचस्पी
बांकीपुर उपचुनाव इस बार बेहद रोचक माना जा रहा है। राजद ने एक बार फिर रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है, जिन्हें 2025 के विधानसभा चुनाव में 45 हजार से अधिक वोट मिले थे। वहीं, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी खुद चुनावी मैदान में उतर गए हैं। ऐसे में भाजपा की पारंपरिक मानी जाने वाली इस सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय और प्रतिष्ठा का बन गया है।
भाजपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती पूर्व विधायक और वर्तमान राज्यसभा सांसद नितिन नवीन की विरासत को कायम रखते हुए बांकीपुर सीट को अपने कब्जे में बनाए रखने की है। चुनावी नतीजे यह तय करेंगे कि भाजपा अपनी मजबूत पकड़ बरकरार रख पाती है या विपक्ष कोई बड़ा उलटफेर करने में सफल होता है।
