पटना : बिहार में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। निगम की ओर से 10 करोड़ रुपये का चेक मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में सौंपा गया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस सहयोग के लिए बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आपदा और कठिन परिस्थितियों में सरकार के साथ संस्थाओं एवं संगठनों का सहयोग जरूरतमंद परिवारों तक राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष में प्राप्त यह राशि बाढ़ सहित अन्य आपदा की स्थिति में प्रभावित और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए उपयोगी साबित होगी। राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए लगातार आवश्यक कदम उठा रही है।
इस अवसर पर भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह, भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार तथा बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार उपस्थित रहे।
बाढ़ की चुनौती के बीच बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड की ओर से दिया गया यह सहयोग राहत एवं पुनर्वास कार्यों को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
