मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना में बड़ी उपलब्धि पंचायती राज विभाग, बिहार द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत राज्य की ग्राम पंचायतों में अब तक 11,13,648 सोलर स्ट्रीट लाइट्स लगाई जा चुकी हैं। औरंगाबाद, अरवल, भोजपुर, मधुबनी, खगड़िया, किशनगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, बक्सर और लखीसराय सहित 10 जिलों में शत-प्रतिशत अधिष्ठापन कार्य पूरा हो चुका है। विभागीय सचिव मनोज कुमार ने सर्विस सेंटरों के नियमित निरीक्षण और रख-रखाव की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पंचायत सरकार भवनों में जनोपयोगी सुविधाओं पर जोर

बैठक में पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सचिव ने तैयार भवनों का शीघ्र हस्तांतरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही भवनों में बैंक, पोस्ट ऑफिस, आरटीपीएस केंद्र, पुस्तकालय, सुधा मिल्क पार्लर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया गया। बायोमेट्रिक मशीन, ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क और सोलर पैनल की स्थापना की नियमित समीक्षा करने को भी कहा गया। ग्राम पंचायतों द्वारा बनाए जा रहे भवनों के प्राक्कलन को LAEO से तकनीकी स्वीकृति दिलाकर जल्द निर्माण शुरू कराने के निर्देश भी दिए गए।

मृत्यु प्रमाण पत्र और वित्त आयोग योजनाओं की हुई समीक्षा

सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम पंचायतों में होने वाली मृत्यु और 24 घंटे के भीतर जारी किए गए मृत्यु प्रमाण पत्र की रिपोर्ट नियमित रूप से विभाग को भेजी जाए। मोक्षधाम और कब्रिस्तान में अंत्येष्टि होने की स्थिति में हर हाल में 24 घंटे के भीतर मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करना सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा 6th राज्य वित्त आयोग और 15वीं वित्त आयोग से संबंधित योजनाओं, लंबित उपयोगिता प्रमाण पत्रों, न्यायिक वादों और अंकेक्षण मामलों की समीक्षा करते हुए प्राप्त राशि को जनकल्याणकारी योजनाओं में तेजी से खर्च करने के निर्देश दिए गए।