पटना : बिहार सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने और फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने की दिशा में एक अहम पहल की है। कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय ने सोलर क्रॉप ड्रायर योजना शुरू की है, जिसके तहत किसानों को 100 किलोग्राम क्षमता वाले सोलर क्रॉप ड्रायर की स्थापना पर अधिकतम 1.40 लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा।
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि इस आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल तकनीक से किसानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने, उसकी गुणवत्ता बनाए रखने और बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी। सोलर क्रॉप ड्रायर की अनुमानित कीमत 3.50 लाख रुपये है। सौर ऊर्जा से संचालित होने के कारण इसके उपयोग में बिजली या ईंधन पर अतिरिक्त खर्च नहीं होगा।
मंत्री ने कहा कि खुले में पारंपरिक तरीके से फसल सुखाने की तुलना में सोलर क्रॉप ड्रायर अधिक सुरक्षित और प्रभावी है। इससे फसल धूल, नमी और कीटों से सुरक्षित रहती है तथा उसका प्राकृतिक रंग, स्वाद और सुगंध लंबे समय तक बरकरार रहती है। किसान अपनी उपज को सुखाकर या प्रसंस्कृत कर लंबे समय तक सुरक्षित रख सकते हैं और बाजार में बेहतर कीमत मिलने पर बेचकर अधिक लाभ कमा सकते हैं।
उन्होंने किसानों से योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि इच्छुक किसान उद्यान निदेशालय के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक और डीबीटी किसान पंजीकरण संख्या अनिवार्य होगी।
कृषि मंत्री ने विश्वास जताया कि यह योजना फसल कटाई के बाद होने वाली क्षति को कम करने, कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने और किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
