भागलपुर: चंपानगर स्थित पूरनमल सावित्री देवी बाजोरिया सरस्वती शिशु मंदिर, नरगाकोठी में बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को पॉक्सो एक्ट एवं बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और लैंगिक अपराधों से बचाव के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने पॉक्सो एक्ट, 2012 के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह कानून बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से बनाया गया है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी अनुचित व्यवहार या असुरक्षित परिस्थिति का सामना होने पर बिना किसी भय के अपने माता-पिता अथवा शिक्षकों को इसकी जानकारी देने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने बच्चों को अच्छे और बुरे स्पर्श के बीच अंतर समझाते हुए व्यक्तिगत सुरक्षा, सतर्कता और आत्मविश्वास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर सकें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।
विद्यालय के प्रभारी मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में बाल अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा कानून के प्रति जागरूकता विकसित करना है। वहीं, उप प्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास और सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में अतिथियों का परिचय विद्यालय के आचार्य शशि भूषण मिश्रा ने कराया।
इस अवसर पर अभिनंदन सिंह, मनोज कुमार तिवारी, शशि भूषण मिश्रा, अभिजीत आचार्य, अमर ज्योति, आभाष कुमार, शशिकांत गुप्ता, सुबोध ठाकुर, संजीव ठाकुर, शुभम कुमार, ऋषि देवाशीष, सुजीत कुमार, गोपाल प्रसाद सिंह, कविता पाठक, रेणु कुमारी, मोनालिसा, नेहा कुमारी, खुशबू कुमारी, मनीष कुमार, अनीता देवी एवं सुलेखा देवी सहित कक्षा अरुण से पंचम तक के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट
