पटना : पटना के आईएएस कालोनी (रूपसपुर) स्थित कामकाजी महिला छात्रावास के लिए ऑनलाईन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक महिलाएं अब महिला एवं बाल विकास निगम की अधिकारिक वेबसाइट miswcdc.bihar.gov.in/publicweb/wwh/LoginForwwh.aspx पर आवेदन कर सकती हैं। आवास का आवंटन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा। तत्पश्चात काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से अंतिम चयन किया जाएगा। आवेदन स्वीकृत होने के बाद लाभार्थी को सात दिनों के भीतर निर्धारित बैंक खाते में 3 हजार रुपये मासिक भोजन शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। साथ ही 30 दिनों के भीतर छात्रावास में प्रवेश लेना होगा, अन्यथा आवंटन निरस्त किया जा सकता है।

कौन-कौन से दस्तावेज जरुरी 

आवेदन के समय महिला को अपने कार्य या नौकरी में होने से संबंधित प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र, नियुक्ति पत्र, वेतन पर्ची (पे-स्लिप), स्थानीय अभिभावक का पूर्ण विवरण तथा दिव्यांगता की स्थिति में संबंधित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

बीते बुधवार को समाज कल्याण विभाग की सचिव बंदना प्रेयषी ने पटना में 50 बेड की क्षमता वाले इस छात्रावास ‘आकांक्षा’ का उद्घाटन किया था। छात्रावास में मुफ्त आवासन की सुविधा है। सिर्फ भोजन के लिए प्रति माह 3 हजार रुपये देना होगा। इसमें आवेदन करने के लिए आवेदिका की अधिकतम मासिक आय 75 हजार रुपये होनी चाहिए।