रांची : रांची पुलिस ने सिकिदिरी थाना क्षेत्र के हुंडरू फॉल मुख्य मार्ग स्थित सोनी ज्वेलर्स में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदवे पिठोरिया निवासी अरमान अंसारी, ईरबा निवासी फरहान अंसारी, एजाज शाह और हसनैन अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त ऑल्टो कार, मोटरसाइकिल, गैस कटर मशीन, गैस सिलेंडर तथा मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

27 मई को दर्ज हुई थी शिकायत

जानकारी के अनुसार, ढेलवाखुटा निवासी शशिकांत प्रसाद ने 27 मई को सिकिदिरी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी ज्वेलरी दुकान का ताला काटकर चोर चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया।

रेकी के बाद दिया गया वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी से पहले दुकान और आसपास के क्षेत्र की रेकी की थी। 26 मई की रात सभी आरोपी कार और बाइक से सिकिदिरी पहुंचे और आपस में जिम्मेदारियां बांटकर वारदात को अंजाम दिया।

जांच के दौरान पता चला कि एक आरोपी पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था, जबकि अन्य आरोपी दुकान की निगरानी और ताला काटने का काम कर रहे थे। गैस कटर की मदद से दुकान का ताला काटकर चांदी के आभूषण चोरी किए गए।

तकनीकी जांच से पुलिस को मिली सफलता

पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी के बाद चांदी के आभूषणों को आपस में बांट लिया गया था। कुछ सामान बेचकर प्राप्त रकम को निजी खर्चों और बकरीद की तैयारियों में खर्च कर दिया गया।

चोरी के आभूषण बरामद, फरार आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए कई चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। वहीं, इस मामले में शामिल फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

विकास कुमार उपाध्याय