रांची : झारखंड सरकार ने असम में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष, असम में 3 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद भेजी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस संबंध में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को पत्र लिखकर सहायता राशि की जानकारी दी और बाढ़ पीड़ितों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि असम इस समय भीषण बाढ़ की त्रासदी से जूझ रहा है। इस प्राकृतिक आपदा में बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है और हजारों परिवार बेघर हो गए हैं। ऐसे कठिन समय में प्रभावित लोगों की मदद करना सभी का मानवीय और नैतिक दायित्व है।

‘असम के लोगों के साथ खड़ा है झारखंड’

हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार और राज्य की जनता इस कठिन समय में असम के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहयोग की भावना से मुख्यमंत्री राहत कोष, असम में 3 करोड़ रुपये का योगदान दिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में यदि किसी अन्य प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी, तो झारखंड सरकार हरसंभव सहयोग के लिए तैयार रहेगी।

राज्यवासियों से भी सहयोग की अपील

मुख्यमंत्री ने झारखंड के सक्षम नागरिकों से भी अपील की कि वे असम के बाढ़ प्रभावित लोगों की राहत और पुनर्वास के लिए अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक एवं अन्य प्रकार की सहायता करें।

असम के लोगों के साहस की सराहना

हेमंत सोरेन ने बाढ़ जैसी विकट परिस्थितियों में भी असम के लोगों द्वारा दिखाए जा रहे धैर्य, साहस और आपसी सहयोग की सराहना की। उन्होंने मां कामाख्या से प्रार्थना की कि असम जल्द इस प्राकृतिक आपदा से उबरकर सामान्य स्थिति में लौटे और प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत मिले।

हिमंता बिस्वा सरमा ने जताया आभार

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा दी गई 3 करोड़ रुपये की सहायता राशि के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सहयोग आपदा की घड़ी में राज्यों के बीच एकजुटता और मानवीय संवेदनाओं का प्रतीक है।

विकास उपाध्याय

You missed