नगरनौसा (नालंदा):  नगरनौसा प्रखंड के कछियावां पंचायत सरकार भवन में सोमवार को कछियावां पैक्स प्रबंध समिति की पहली औपचारिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवनिर्वाचित पैक्स अध्यक्ष रजनीकांत कुमार उर्फ पप्पू ने की, जबकि संचालन प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी (बीसीओ) राजीव रंजन तिवारी ने किया।

गौरतलब है कि नगरनौसा प्रखंड के नौ पैक्सों में से कछियावां पैक्स का चुनाव 15 जुलाई को संपन्न हुआ था। चुनाव के बाद यह नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्यों की पहली आधिकारिक बैठक थी। बैठक में अध्यक्ष के अलावा कार्यकारिणी सदस्य अमरेंद्र प्रसाद, उमेश चंद्र सिन्हा, धर्मेंद्र कुमार, संयोगा देवी, सरोजनी देवी, मालती देवी, राजेंद्र प्रसाद एवं रामानंद चौधरी शामिल हुए। पैक्स प्रबंधक श्रवण कुमार भी बैठक में मौजूद रहे।

बैठक के दौरान पैक्स के प्रशासनिक एवं संचालन संबंधी कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बीसीओ राजीव रंजन तिवारी ने पैक्स प्रबंधक को सभी अभिलेख, उपकरण एवं आवश्यक सामग्री को व्यवस्थित रखने तथा नई प्रबंध समिति को सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुराने अभिलेखों और लेखा-जोखा का विधिवत हस्तांतरण एवं अद्यतन करने का निर्देश दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष रजनीकांत कुमार उर्फ पप्पू ने कहा कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी सदस्यों के सहयोग से पैक्स का संचालन पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ किया जाएगा, ताकि किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

बैठक समाप्त होने के बाद पंचायत सरकार भवन परिसर में किसानों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और सभी कार्यकारिणी सदस्यों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए किसानों के हित में समर्पित होकर कार्य करने की अपेक्षा जताई। वहीं अध्यक्ष रजनीकांत कुमार उर्फ पप्पू ने सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि कछियावां पैक्स को किसानों की उम्मीदों के अनुरूप एक आदर्श सहकारी संस्था के रूप में विकसित करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट