देशभर के 28 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों का प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयन, झारखंड पुलिस में खुशी की लहर।
लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले के लिए गर्व और गौरव की खबर सामने आई है। चंदवा थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक मनोरंजन प्रसाद सिंह का चयन प्रतिष्ठित केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से चंदवा सहित पूरे लातेहार जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देशभर से कुल 28 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को इस प्रतिष्ठित पदक के लिए चयनित किया गया है। चयनित पुलिसकर्मियों को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
वर्तमान में चंदवा थाना प्रभारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे पुलिस निरीक्षक मनोरंजन प्रसाद सिंह का इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयन उनकी पुलिस सेवा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनके चयन की खबर सामने आने के बाद लातेहार पुलिस महकमे में खुशी और उत्साह का माहौल है। यह सम्मान पुलिस सेवा में कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण, दक्षता और उत्कृष्ट कार्यों की पहचान के रूप में देखा जाता है। चंदवा जैसे प्रखंड में पदस्थापित पुलिस अधिकारी को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए चुना जाना जिले के लिए विशेष गौरव का विषय है।
मनोरंजन प्रसाद सिंह की इस उपलब्धि ने झारखंड पुलिस की प्रतिष्ठा को भी नई पहचान दिलाई है। उनकी सफलता से पुलिस विभाग के अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भी बेहतर कार्य करने और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा मिलेगी।
जितेंद्र सिंह की रिपोर्ट
