
मुंगेर : पंजाब के स्वर्ण मंदिर में आपरेशन ब्लू स्टार का नेतृत्व करने वाले और मणिपुर में उग्रवादियों पर नकेल कसने वाले सीआरपीएफ के पूर्व आइजी नंदकिशोर तिवारी (83) का निधन रविवार को बेंगलुरु के एक अस्पताल में हो गया। वह काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। दिवंगत आइजी हवेली खड़गपुर के अग्रहण गांव के रहने वाले थे। स्नातकोत्तर की डिग्री लेने के बाद वह 1962 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में कंपनी कमांडर के पद पर नियुक्त हुए थे।

उत्कृष्ट सेवा भाव को देखते हुए तत्कालीन राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह के मार्गदर्शन में केंद्रीय गृह मंत्री बूटा सिंह ने विशिष्ट सेवा मेडल प्रदान किया था। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में महानिरीक्षक पद (आइजी) पद से 31 जनवरी 1997 को सेवानिवृत्त हुए थे। निधन क खबर सुनकर प्रखंड के लोग काफी दुखी हैं। ग्रामीण मंगल सिंह, चंदन सिंह, राजीव यादव, नेहरू जी, मुकेश सिंह व परिमल सिंह सहित अन्य ने शोक व्यक्त किया।
मुंगेर से विवेक कुमार की रिपोर्ट