चंडी (नालंदा): नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र में गोपी बिगहा गांव के पास गुरुवार की रात करीब 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ जा रहा फुफेरा भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान नगरनौसा थाना क्षेत्र के महम्मदपुर गांव निवासी अरुण मिस्त्री के पुत्र जोशन कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल युवक की पहचान चंडी थाना क्षेत्र के भासीन बिगहा गांव निवासी छोटे शर्मा के पुत्र मनीष कुमार के रूप में की गई है।

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आए दोनों युवक

चंडी थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा के अनुसार, जोशन कुमार उर्फ छोटू अपने फुफेरे भाई मनीष कुमार के साथ जा रहा था। इसी दौरान गोपी बिगहा गांव के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में जोशन कुमार की मौत हो गई, जबकि मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद घायल युवक को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

हादसे में जान गंवाने वाले जोशन कुमार के शव को बिहारशरीफ सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की असामयिक मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से मृतक के गांव और आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस हादसे में शामिल अज्ञात वाहन के बारे में जानकारी जुटा रही है। वाहन की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।

नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट