भागलपुर: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और श्रद्धापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से श्री श्री 108 दुर्गा पूजा महासमिति ने शहर के सभी पूजा समितियों एवं आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। महासमिति के पदाधिकारियों ने पूजा के दौरान साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधा, महिला एवं बाल सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था और पंडालों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया है।
महासमिति के संरक्षक कमल जायसवाल, अध्यक्ष अभय घोष (सोनू), कार्यकारी अध्यक्ष कन्हैयालाल, महासचिव जय नंदन आचार्य, कोषाध्यक्ष तरुण घोष और मीडिया प्रभारी विशाल कुमार ने संयुक्त रूप से यह अपील जारी की।
शाम 7 बजे आरती, सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
महासमिति ने सभी पूजा समितियों से अनुरोध किया है कि अपने-अपने पूजा स्थलों पर संध्या आरती शाम 7 बजे एक ही समय पर करें। पूजा स्थल के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और चंदा संग्रह के दौरान संयम एवं धैर्य का परिचय देने की अपील की गई है। दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया है।
पूजा पंडालों में भक्ति भाव से जुड़े संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने, आवश्यकता के अनुसार ही बिजली का उपयोग करने तथा विद्युत विभाग में निर्धारित शुल्क जमा कर अस्थायी बिजली कनेक्शन लेने की सलाह दी गई है।
महासमिति ने सभी पूजा समितियों से अग्निशमन सुरक्षा के उचित इंतजाम करने, यथासंभव सीसीटीवी कैमरे लगाने और सूचना प्रसारण के लिए ध्वनि विस्तारक यंत्र की व्यवस्था रखने का अनुरोध किया है। पंडाल और प्रतिमा की सुरक्षा के लिए तीन पालियों में जिम्मेदार व्यक्तियों की तैनाती करने तथा उनके नाम और मोबाइल नंबर पंडाल में प्रदर्शित करने को भी कहा गया है। इसके अलावा, सभी पूजा स्थलों पर प्रवेश और निकास द्वार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
22 अक्टूबर को निकलेगी विसर्जन शोभायात्रा
महासमिति ने घोषणा की है कि 22 अक्टूबर 2026, गुरुवार को दुर्गा प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। सभी पूजा समितियों से अपने-अपने स्थानों से शोभायात्रा लेकर दोपहर 3 बजे तक स्टेशन चौक पहुंचने और वहां निर्धारित क्रम में पंक्तिबद्ध होने का अनुरोध किया गया है।
निर्धारित मार्ग के अनुसार शोभायात्रा स्टेशन चौक से वैरायटी चौक, खलीफाबाग चौक, नया बाजार चौक, बूढ़ानाथ चौक, आदमपुर चौक, छोटी खंजरपुर और बड़ी खंजरपुर होते हुए मायागंज स्थित काली विसर्जन घाट पहुंचेगी, जहां प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण और प्रशासनिक निर्देशों के पालन की अपील
महासमिति ने भागलपुरवासियों से पर्यावरण संरक्षण, नारी सुरक्षा, नशामुक्ति और प्लास्टिक मुक्त भागलपुर के अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया है। साथ ही सभी पूजा समितियों से जिला प्रशासन द्वारा लाइसेंस में निर्धारित शर्तों का पूरी तरह पालन करने की अपील की गई है, ताकि त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा और आपसी सद्भाव बना रहे।
इस अवसर पर महासमिति के संरक्षक भगवान यादव, उपाध्यक्ष राकेश रंजन केसरी, शंभूनाथ भगत, कुमार धर्मेंद्र, संगीता तिवारी, पिंकी बाजोरिया, सुनंदा रक्षित, इंजीनियर रवि, सचिव ललन प्रभात, अशोक गुप्ता, सीमा जायसवाल, गुड्डू राय, विनोद जायसवाल, रणजीत सिंह, प्रहलाद राय, शशांक जायसवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
भागलपुर से राजा रमन झा की रिपोर्ट
