पटना : पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय के ‘संवाद’ सभागार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभाग पूरी तरह सतर्क रहें और किसी भी स्थिति में जनता को परेशानी न हो।
31 मई से पहले तटबंध और सड़क निर्माण पूरा करने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में हर वर्ष बाढ़ की आशंका रहती है, वहां तटबंधों और सड़कों का निर्माण कार्य 31 मई से पहले हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि आपदा को विपदा न बनने दें और समय रहते सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करें।
मौसम विभाग ने सामान्य से कम बारिश की जताई संभावना
बैठक में बिहार मौसम सेवा केन्द्र, पटना ने जानकारी दी कि जून और जुलाई में सामान्य से कम वर्षा, अगस्त में सामान्य वर्षा तथा सितंबर में फिर कम बारिश होने की संभावना है। दक्षिण बिहार में कम वर्षा जबकि उत्तर बिहार में सामान्य वर्षा का अनुमान जताया गया है। इसे देखते हुए सरकार ने बाढ़ और सुखाड़ दोनों परिस्थितियों के लिए तैयारी तेज कर दी है।
राहत सामग्री, दवा और पशुचारा की व्यवस्था पर जोर
आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि नाव संचालन, पॉलिथिन शीट, राहत सामग्री, दवा, पशुचारा, सामुदायिक रसोई, ड्राई राशन और जिला आपातकालीन संचालन केंद्र की व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री ने भू-जल स्तर पर नजर रखने और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
आपदा पीड़ितों को हरसंभव मदद देने का भरोसा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ और सुखाड़ से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता देगी। उन्होंने कहा कि राज्य के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें ताकि जरूरतमंद लोगों तक समय पर राहत पहुंचाई जा सके।
