पटना: राज्य में उर्वरकों की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरों के बीच बिहार सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कहा कि राज्य के सभी जिलों में किसानों की जरूरत के अनुसार पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है और कहीं भी खाद की कमी नहीं है।

बैठक में उर्वरकों के भंडारण और वितरण व्यवस्था की समीक्षा के बाद मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को समय पर और निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी, अवैध भंडारण और अधिक कीमत वसूली पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए।

किसानों से रसीद लेने की अपील

कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की कि उर्वरक खरीदते समय रसीद अवश्य लें। यदि कोई विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलता है या गुणवत्ता में गड़बड़ी करता है तो इसकी सूचना तत्काल जिला कृषि पदाधिकारी कार्यालय, विभागीय हेल्पलाइन 0612-2233555 या व्हाट्सऐप नंबर 7766085888 पर दें। शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

सीमावर्ती जिलों में चलेगा विशेष अभियान

विजय कुमार सिन्हा ने सीमावर्ती जिलों के जिला कृषि पदाधिकारियों को विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि उर्वरकों की अवैध तस्करी, जमाखोरी और अंतरराज्यीय अवैध परिवहन रोकने के लिए प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई करेगा।

खरीफ सीजन में खाद उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता
कृषि मंत्री ने कहा कि खरीफ 2026 के दौरान किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसान के हितों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।

राज्य में उपलब्ध उर्वरकों का स्टॉक (10 जुलाई 2026 तक)


सरकार का संदेश

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य में उर्वरक की उपलब्धता, भंडारण और वितरण व्यवस्था पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। राज्य से लेकर जिला और प्रखंड स्तर तक प्रशासनिक तंत्र सक्रिय है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने किसानों से भ्रामक खबरों पर ध्यान न देने और किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत विभाग को देने की अपील की।