ब्रिटेन में गहराते सियासी संकट के बीच लिज ट्रस ने प्रधानमंत्री  पद से इस्तीफा दे दिया है। वह मात्र 45 दिन ही पीएम पद पर रहीं। उन्होंने 6 सितंबर 2022 को पीएम पद संभाला था। इसी के साथ लिज ट्रस ब्रिटेन के इतिहास में सबसे कम कार्यकाल वाली पीएम बन गईं। टोरी पार्टी के जॉर्ज कैनिंग 1827 में 119 दिन तक प्रधानमंत्री पद पर रहे थे। इससे पहले लिज ट्रस कैबिनेट से वित्त मंत्री क्वासी क्वार्टेंग और गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन ने भी इस्तीफा दे दिया था।  

नया पीएम चुने जाने तक पद पर रहेंगी लिज ट्रस

रॉयटर्स ने बताया, लिज ट्रस ने कहा कि वह यूके के प्रधानमंत्री के रूप में इस्तीफा दे रही हैं। उनके आर्थिक कार्यक्रम को स्वीकार्यता नहीं मिली जिससे बाजारों में गिरावट आई और इसने उनकी कंजर्वेटिव पार्टी को भी विभाजित कर दिया। लिज ट्रस ने कहा, जब तक उत्तराधिकारी नहीं चुना जाता, मैं पीएम पद पर बनी रहूंगी।

ट्रस सरकार क्यों गिरी?

प्रधानमंत्री पद के लिए अपने प्रचार के दौरान लिज ट्रस ने अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के जो वादे किए थे वही अब उनके गले की फांस बन गए हैं। ट्रस सरकार महंगाई पर काबू पाने में पूरी तरह विफल रहीं। ट्रस के वादों को लागू करने के कोशिश करने वाले वित्त मंत्री क्वासी क्वार्टेंग को इस्तीफा देना पड़ा। क्वार्टेंग के फैसलों की वजह से पटरी से उतरी अर्थव्यवस्था और लगातार हो रही आलोचना के बीच नए वित्त मंत्री जेरमी हंट ने क्वार्टेंग के लगभग सभी फैसलों को पलट दिया। इसके बाद भी ट्रस सरकार पर से दबाव कम नहीं हुआ। उनकी अपनी पार्टी के सांसद भी उनके खिलाफ हो गए। बढ़ते आर्थिक संकट और महंगाई के कारण हर बीतते दिन के साथ ट्रस पर दबाव बढ़ता जा रहा था। सरकार की लोकप्रियता लगातार गिरती जा रही थी। हाल ही आए कई सर्वे में बताया गया कि अगर चुनाव की नौबत आती है तो सत्ताधारी कंजरवेटिव पार्टी तीसरे नंबर पर खिसक सकती है।

क्या अब सुनक प्रधानमंत्री बन सकते हैं?

प्रचार के दौरान ट्रस की जिन आर्थिक नीतियों के प्रति ऋषि सुनक आगाह करते थे। वही, बातें अब सही साबित हो रही हैं। सुनक इस पूरे मामले में अब तक चुप्पी साधे हुए हैं। पिछले हफ्ते भी सुनक लंदन में थे। सुनक ने यहां दो पूर्व निर्धारित पार्टियों का भी आयोजन किया। इसमें उन्होंने अपनी रेडी फॉर ऋषि लीडरशिप कैंपेन टीम और यूके ट्रेजरी के अधिकारियों का आभार जताया। लेकिन, सरकार के फैसलों पर उनकी ओर से कुछ नहीं कहा गया। ट्रस को अगर हटाया जाता है तो उनकी जगह जो नेता ले सकते हैं उनमें ऋषि सुनक का नाम सबसे आगे है। सुनक के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन, पैनी मॉरडेंट, बेन वालेस के नाम की भी चर्चा में है। कहा जा रहा है कि सुनक अभी भी पार्टी के सांसदों में सबसे ज्यादा लोकप्रिय हैं।