पटना: राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर सामाजिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र में कार्यरत संस्था जॉइंट ट्रस्ट फॉर माइनॉरिटीज (JTM) की ओर से पटना सिटी के बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित न्यू अजीमाबाद कॉलोनी में महान स्वतंत्रता सेनानी और देश के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती समारोह मनाई गई। इस अवसर पर उनके शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद करते हुए शिक्षा से वंचित वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओरिएंटल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. फैजी आफताब ने अपने संबोधन में कहा कि हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाकर ही हम मौलाना अबुल कलाम आजाद के सपनों को साकार कर सकते हैं। शिक्षा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

संस्था के अध्यक्ष आबिद हुसैन ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। जब समाज के प्रत्येक वर्ग को शिक्षा का समान अवसर मिलेगा, तभी देश और समाज का वास्तविक विकास संभव होगा।

समारोह में कई वरिष्ठ शिक्षकों के साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भाग लिया। इस दौरान आयोजित भाषण, लेखन और चित्रांकन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए समाज के वंचित और कमजोर वर्ग तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।