नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने वर्तमान उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ (Lt. Gen. Dhiraj Seth ) को भारतीय सेना का अगला प्रमुख (Chief of the Army Staff) नियुक्त किया है। वह 30 जून 2026 को पदभार ग्रहण करेंगे और मौजूदा सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी (General Upendra Dwivedi) का स्थान लेंगे। उनका कार्यकाल 31 अगस्त 2028 तक रहेगा।

करीब 40 वर्षों के शानदार सैन्य अनुभव वाले लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ वर्तमान में उप सेना प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने 1 अप्रैल 2026 को यह जिम्मेदारी संभाली थी और सेना में कई महत्वपूर्ण परिचालन, रणनीतिक तथा प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं।

राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के पूर्व छात्र धीरज सेठ को दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कॉर्प्स में कमीशन मिला था। अपने सैन्य करियर के दौरान उन्होंने रेगिस्तानी क्षेत्रों, जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद-रोधी अभियानों और पश्चिमी मोर्चे पर महत्वपूर्ण कमान संभाली है।

धीरज सेठ उन चुनिंदा वरिष्ठ अधिकारियों में शामिल हैं जिन्होंने सेना की दो प्रमुख ऑपरेशनल कमानों का नेतृत्व किया है। इसके अलावा उन्होंने संयुक्त राष्ट्र मिशन (अंगोला), सेना मुख्यालय तथा सैन्य क्षमता विकास से जुड़े कई अहम पदों पर भी कार्य किया है।

उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), उत्तम युद्ध सेवा मेडल (UYSM) और अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) से सम्मानित किया जा चुका है।

अमृता कुमारी