आरा : हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के प्रवक्ता दानिश रिजवान को झारखंड पुलिस ने बिहार के भोजपुर से गिरफ्तार कर लिया। दानिश आरा के बहुचर्चित कृष्णा हत्याकांड में पेशी के लिए आरा पहुंचे थे। इसी दौरान रांची पुलिस ने सुषमा बड़ाईक को गोली मारे जाने के मामले में दानिश को उठा लिया। बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन में शामिल हम के प्रवक्ता की गिरफ्तारी के हाई प्रोफाइल मामले को लेकर भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने भी कुछ बताने से इनकार कर दिया। जब उनसे पूछा गया कि आरा के नगर थाने की हाजत में दानिश को रखा गया है तो उन्होंने कहा कि संभवत: रांची पुलिस ने कार्रवाई की है। ट्रांजिट रिमांड के लिए स्थानीय थाने में रखा जाता है।

रांची में सुषमा बड़ाईक गोली कांड में गिरफ्तारी : बताया जाता है कि झारखंड की राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में सहजानंद चौक के पास सुषमा बड़ाईक को गोली मारे जाने के मामले में झारखंड पुलिस ने यह गिरफ्तारी की है। रांची पुलिस भोजपुर कोर्ट के बाहर डेरा जमाए हुई थी। जैसे ही दानिश रिजवान कृष्णा हत्याकांड में पेशी के लिए गुरुवार को आरा आए, उन्हें दबोच लिया गया। एसपी ने बताया कि वह इसके संबंध में जानकारी जुटाने के बाद ही कुछ कह सकते हैं। उन्होंने इतना ही बताया कि कार्रवाई रांची पुलिस के द्वारा की गई होगी।

ट्रांजिट रिमांड पर लेकर झारखंड जाएगी पुलिस : रांची पुलिस ने दानिश रिजवान को भोजपुर के नगर थाना की हाजत में रखा है। मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लेकर शुक्रवार को रांची पुलिस झारखंड जाएगी। रांची से आई पुलिस टीम को टाउन थाने की पुलिस का भी सहयोग मिला। हम प्रवक्ता की गिरफ्तारी के बाद काफी देर तक खलबली मची रही। हाई प्रोफाइल मामला होने के कारण भोजपुर पुलिस ने हाजत में मीडियाकर्मियों को किसी भी तरह से तस्वीर नहीं लेने दिया।