पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में नगर विकास एवं आवास विभाग, पंचायती राज विभाग तथा पर्यटन विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं को तेजी, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी विकास से जुड़ी सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छता और जलापूर्ति पर ध्यान देने को कहा तथा सभी आधारभूत संरचनाओं के निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत शेष पात्र लोगों को शीघ्र आवास उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में कोई भी परिवार बेघर न रहे। इसके साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए पीपीपी मॉडल अपनाने का निर्देश दिया, ताकि कचरे का बेहतर निपटान और उपयोग सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री ने सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने और एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) को पूरी तरह कार्यशील रखने का निर्देश दिया। गंगा नदी के किनारे निर्माणाधीन एसटीपी परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने और सीवरेज नेटवर्क के विस्तार पर भी जोर दिया गया।

ग्रामीण क्षेत्रों के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी सोलर लाइट्स पूरी तरह कार्यशील रहें। इसके लिए प्रभावी मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में सीसीटीवी लगाने की प्रक्रिया को तेज करने को कहा गया।
पटना मेट्रो रेल परियोजना पर विशेष ध्यान देते हुए मुख्यमंत्री ने मलाही पकड़ी से राजेंद्र नगर टर्मिनल तक मेट्रो कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पटना रेलवे जंक्शन, आईएसबीटी और राजेंद्र नगर टर्मिनल को मेट्रो नेटवर्क से शीघ्र जोड़ने से आम लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने अमृत योजना, स्वच्छ भारत मिशन और अन्य प्रमुख परियोजनाओं की अद्यतन जानकारी दी।
बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
