1 मार्च 2027 तक विश्वस्तरीय होटल के रूप में होगा तैयार, 104 आधुनिक कमरे और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी।

पटना : बिहार के पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में मंगलवार को बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (BSTDC) के राजगीर स्थित होटल अजातशत्रु विहार के संचालन के लिए Welcomhotel (ITC समूह) और लीजधारी कंपनी के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता राज्य में विश्वस्तरीय पर्यटन अवसंरचना विकसित करने और पर्यटकों को बेहतर आतिथ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित कार्यक्रम में ITC समूह के प्रबंध निदेशक अनिल चड्डा और कलशी बिल्डकॉन के निदेशक सुमित सिंह कलशी ने मुख्यमंत्री की मौजूदगी में समझौता पत्र पर हस्ताक्षर कर उसका आदान-प्रदान किया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार राज्य के पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। राजगीर, नालंदा, बोधगया समेत ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों पर पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित होटल समूहों की भागीदारी से बिहार का पर्यटन क्षेत्र नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि Welcomhotel by ITC के रूप में होटल अजातशत्रु का संचालन शुरू होने से राजगीर की पहचान वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत होगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

1 मार्च 2027 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट

प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि लगभग 2.67 एकड़ क्षेत्र में फैले होटल अजातशत्रु का संचालन Welcomhotel by ITC ब्रांड के तहत किया जाएगा। होटल में 104 आधुनिक कमरे, एक बड़ा बैंक्वेट हॉल और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सभी आधुनिक आतिथ्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना को 1 मार्च 2027 तक पूरा कर संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री का हरित पौधा भेंट कर स्वागत किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार सहित पर्यटन विभाग और ITC समूह के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।