रांची: झारखंड में राज्यसभा चुनाव संपन्न हो गया है। इस चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार बैजनाथ राम और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवाणी ने जीत दर्ज की। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को हार का सामना करना पड़ा।

मतगणना में बैजनाथ राम को 30 वोट मिले और उन्होंने आसानी से राज्यसभा की सीट हासिल कर ली। दूसरी ओर परिमल नथवाणी को अपेक्षा से अधिक समर्थन मिला। एनडीए के पास 24 वोट थे, लेकिन उन्हें छह अतिरिक्त वोट प्राप्त हुए। हालांकि उनके पक्ष में पड़े दो वोट अवैध घोषित कर दिए गए। कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा 20 वोटों पर सिमट गए, जबकि उनके खाते में पड़ा एक वोट भी अवैध माना गया।

जीत के बाद बैजनाथ राम ने जताया आभार

राज्यसभा पहुंचने के बाद बैजनाथ राम ने कहा कि वह झारखंड की जनता की आवाज को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के सिद्धांतों और विचारधारा के प्रति उनकी गहरी आस्था है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड से पहली बार किसी दलित उम्मीदवार को राज्यसभा भेजने का अवसर मिला है, जो मुख्यमंत्री की पहल का परिणाम है।

ग्रामीण विकास और रोजगार पर रहेगा फोकस : नथवाणी

जीत के बाद परिमल नथवाणी ने कहा कि झारखंड उनके लिए नया राज्य नहीं है और यहां के लोगों की सेवा का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि उनका विशेष ध्यान ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर रहेगा। कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा देने, स्थायी रोजगार के अवसर सृजित करने और कुटीर उद्योगों को पुनर्जीवित करने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और एनडीए के सभी विधायकों का आभार जताया।

मतदान प्रक्रिया में दिखी राजनीतिक सक्रियता

राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान के दौरान कांग्रेस विधायक सबसे पहले विधानसभा पहुंचे और सहयोगी दलों का इंतजार करते रहे। इसके बाद एनडीए के विधायक मतदान के लिए पहुंचे। भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने सबसे पहला वोट डाला।

सुबह 10 बजे के बाद झामुमो, माले और राजद के विधायक अलग-अलग विधानसभा पहुंचने लगे। इंडिया गठबंधन के विधायकों ने क्रमवार मतदान किया। मतदान प्रक्रिया के अंत में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने सबसे आखिरी वोट डाला, जबकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का वोट अंत से दूसरा था। दोपहर 1:35 बजे तक सभी विधायकों ने मतदान कर लिया था।

राज्यसभा चुनाव के नतीजों ने झारखंड की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा को तेज कर दिया है। खासकर परिमल नथवाणी को अपेक्षा से अधिक मिले समर्थन ने राजनीतिक गलियारों में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

रांची से विकास कुमार उपाध्याय की रिपोर्ट