रांची/जमशेदपुर: रूस के येकातेरिनबर्ग में हिरासत में रखे गए झारखंड के युवक मनीष साहू की आखिरकार सुरक्षित भारत वापसी हो गई है। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष, झारखंड की पहल और भारतीय दूतावास एवं महावाणिज्य दूतावास के समन्वय से 29 वर्षीय मनीष साहू 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचे। इसके बाद 27 नवंबर को ट्रेन से अपने गृह नगर जमशेदपुर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, मनीष साहू 6 अक्टूबर 2026 को पर्यटक वीजा पर रूस गए थे। येकातेरिनबर्ग में रहने के दौरान 27 अक्टूबर के बाद उनका परिवार से संपर्क टूट गया। इसके बाद उनकी मां नीलम साहू ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष में शिकायत दर्ज कराकर बेटे की सुरक्षित वापसी के लिए मदद मांगी।

मनीष साहू ने स्वयं विभाग को जानकारी दी थी कि स्थानीय पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है। उन्होंने कथित दुर्व्यवहार, झूठे आरोप और दबाव बनाए जाने की बात भी कही थी। हालांकि, विभाग ने स्पष्ट किया कि ये आरोप मनीष द्वारा दी गई जानकारी पर आधारित थे और इनका स्वतंत्र रूप से सत्यापन नहीं किया गया था।
भारतीय दूतावास और महावाणिज्य दूतावास ने की मदद
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने 29 अक्टूबर को प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स, रांची और भारतीय दूतावास, मॉस्को सहित संबंधित अधिकारियों को ई-मेल भेजकर तत्काल कांसुलर एवं कानूनी सहायता का अनुरोध किया। 2 नवंबर को भारतीय दूतावास, मॉस्को ने बताया कि मामला भारतीय महावाणिज्य दूतावास, येकातेरिनबर्ग के क्षेत्राधिकार में आता है। इसके बाद मामले को वहां अग्रसारित कर दिया गया।
3 नवंबर को भारतीय महावाणिज्य दूतावास, येकातेरिनबर्ग के अधिकारियों ने विदेशी नागरिकों के अस्थायी निरोध केंद्र में मनीष साहू से मुलाकात की और उन्हें कांसुलर सहायता उपलब्ध कराई। अधिकारियों के अनुसार, उनका शारीरिक स्वास्थ्य सामान्य और संतोषजनक पाया गया।
4 हजार रूबल जुर्माना और निष्कासन का मिला था आदेश
निरोध केंद्र के प्रमुख द्वारा जारी आदेश में मनीष साहू को प्रशासनिक अपराध का दोषी मानते हुए 4,000 रूबल का जुर्माना लगाया गया था। साथ ही उन्हें रूसी संघ से अनिवार्य रूप से निष्कासित करने का आदेश दिया गया था। 9 नवंबर को न्यायिक बेलीफ ने मामले की समीक्षा के बाद 25 नवंबर को ताशकंद के रास्ते रूस से प्रस्थान की अनुमति दी। इसके बाद मनीष ने ताशकंद के रास्ते दिल्ली आने के लिए हवाई टिकट बुक कराया।
भारतीय महावाणिज्य दूतावास के समन्वय से मनीष साहू 25 नवंबर को रूस से रवाना हुए। 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचने के बाद 27 नवंबर को सुरक्षित जमशेदपुर लौट आए।
विदेश में फंसे नागरिकों की सहायता प्राथमिकता
राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने मनीष साहू की सुरक्षित वापसी में सहयोग के लिए भारतीय महावाणिज्य दूतावास, येकातेरिनबर्ग और संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार जताया है। विभाग ने कहा कि विदेश में फंसे झारखंड के नागरिकों की सुरक्षा और उन्हें समय पर सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
इसके साथ ही रूस जाने वाले श्रमिकों और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे वैध वीजा, रोजगार अनुबंध और भर्ती एजेंसियों का सत्यापन जरूर करें। पासपोर्ट जब्ती, अवैध भर्ती और वीजा नियमों के उल्लंघन जैसी परिस्थितियों से बचने के लिए भारतीय दूतावास या महावाणिज्य दूतावास के संपर्क में रहें।
अमृता कुमारी
