पटना : बिहार के वैशाली में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन-2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 11 से 13 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस अंतर्राष्ट्रीय आयोजन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को वैशाली स्थित बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले भगवान बुद्ध की पूजा-अर्चना कर राज्य में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम स्थल, मुख्य मंच और सम्मेलन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

विदेशी मेहमानों के लिए विशेष व्यवस्था के निर्देश

बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग तथा बिहार हेरिटेज डेवलपमेंट सोसाइटी के सहयोग से आयोजित होने वाले इस सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा के लिए आगंतुक केंद्र में बैठक हुई। इसमें कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा, आवासन, परिवहन, सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, कमांड एवं कंट्रोल रूम, पार्किंग, हेलीपैड और सौंदर्यीकरण से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बौद्धिस्ट देशों से आने वाले प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के लिए आवासन, भोजन, परिवहन तथा सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में शामिल होने के इच्छुक लोगों के आगमन को सुगम बनाया जाए और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

बोधगया, राजगीर और केसरिया का भ्रमण करेंगे विदेशी प्रतिनिधि

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी प्रतिनिधियों को बिहार के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराने की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। इसके तहत बोधगया, राजगीर और केसरिया सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों को पर्यटन कार्यक्रम में शामिल करने को कहा गया है।

उन्होंने पर्यटन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर भ्रमण की व्यवस्था करने और प्रतिनिधियों की सुविधा के लिए ई-बस उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा बौद्धिस्ट देशों को आमंत्रण पत्र भेजने तथा वहां के प्रतिनिधियों और समन्वयकों से लगातार संपर्क बनाए रखने के लिए विशेष टीम गठित करने को कहा।

अभिषेक पुष्करणी तालाब का होगा सौंदर्यीकरण

मुख्यमंत्री ने वैशाली के ऐतिहासिक अभिषेक पुष्करणी तालाब का सौंदर्यीकरण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने परिसर में विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाने की बात कही, ताकि सम्मेलन के दौरान वहां मेले जैसा माहौल विकसित हो सके। साथ ही स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने और उनके लिए भी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बनेंगे स्थायी हेलीपैड

वैशाली के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए मुख्यमंत्री ने यहां स्थायी हेलीपैड की व्यवस्था विकसित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी महत्वपूर्ण पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर स्थायी हेलीपैड बनाने की योजना तैयार की जाए, जिससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिल सके।

इसके साथ ही उन्होंने सम्मेलन स्थल तक पहुंचने वाली सड़कों को दुरुस्त करने, विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने तथा जाम की समस्या से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत आसपास के क्षेत्रों और लिंक सड़कों के किनारे स्थित गांवों में साफ-सफाई एवं अन्य बुनियादी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का भी निर्देश दिया।

बैठक में कई मंत्री और वरीय अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार, विधायक सिद्धार्थ पटेल, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, तिरहुत परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक चंदन कुमार कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक सहित कई जनप्रतिनिधि और वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

You missed