रामगढ़ (झारखंड): मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस-सह-पारितोषिक वितरण समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिले में लगभग 111 करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया।

शहादत की विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि शहीद सोबरन सोरेन का संघर्ष और बलिदान झारखंड के इतिहास की महत्वपूर्ण धरोहर है। सामंती सोच और अत्याचार के खिलाफ उठी संघर्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में यह आंदोलन और मजबूत हुआ। आज नई पीढ़ी को शहीदों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर उनके सपनों का झारखंड बनाने का संकल्प लेना चाहिए।

आदिवासी-मूलवासी समाज के स्वाभिमान की लड़ाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था, जब आदिवासी और मूलवासी समाज के लोग सामंती सोच रखने वालों के सामने अपनी बात तक नहीं रख पाते थे। लेकिन आज परिस्थितियां बदल चुकी हैं। राज्य का गरीब, आदिवासी और मूलवासी समाज निडर होकर अपनी बात रख रहा है और स्वाभिमान के साथ जीवन जी रहा है। उन्होंने कहा कि इस बदलाव के पीछे शहीद सोबरन मांझी सहित झारखंड आंदोलन के तमाम शहीदों का संघर्ष और बलिदान है।

शहीदों के संघर्ष से मिला अलग झारखंड राज्य

हेमंत सोरेन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव जैसे महानायकों के संघर्ष ने झारखंड की पहचान और अस्मिता की लड़ाई को मजबूती दी। गिरिडीह, टुंडी, धनबाद, छोटानागपुर और संथाल परगना में अत्याचार के खिलाफ उठी आवाज आगे चलकर अलग झारखंड राज्य आंदोलन का आधार बनी। उन्होंने कहा कि कभी लोग सवाल उठाते थे कि आदिवासी-मूलवासी समाज अलग राज्य कैसे चला पाएगा, लेकिन आज उसी समाज के लोग राज्य के विकास और संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

50 लाख महिलाओं को हर महीने मिल रहे 2500 रुपये

महिला सशक्तिकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य में 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 50 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य है कि माताएं-बहनें आर्थिक रूप से सशक्त बनें और खुद अपने माथे से गरीबी की लकीर मिटा सकें।

अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए संसाधन जुटाने में कई तरह की बाधाओं और भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है। राज्य के राजस्व स्रोतों को बाधित करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन सरकार इससे पीछे हटने वाली नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा, “जिस तरह लड़कर अलग झारखंड राज्य लिया है, उसी तरह लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे।”

उन्होंने कहा कि अब झारखंड वह राज्य नहीं है, जहां बाहर से आकर कोई यहां के लोगों का शोषण कर सके। सरकार की प्राथमिकता राज्य के लोगों को उनका पूरा अधिकार दिलाना है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस बार शहादत दिवस का कार्यक्रम सादगी के साथ आयोजित किया गया है, लेकिन आने वाले वर्षों में इसे और भव्य रूप से मनाया जाएगा।

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन, विधायक ममता देवी, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र सिन्हा, पुलिस उप महानिरीक्षक अंजनी कुमार झा, रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत सहित जिले के कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

विकास कुमार उपाध्याय

You missed