नई दिल्ली : बांग्लादेश की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग के बीच भारत ने पहली बार इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। भारत ने स्पष्ट किया है कि बांग्लादेश से शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर मिले अनुरोध की जांच निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं के तहत की जा रही है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इस मुद्दे पर भारत का रुख पहले की तरह ही स्पष्ट है। विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शेख हसीना के प्रत्यर्पण और बांग्लादेशी एक्टिविस्ट शरीफ उस्मान हादी की हत्या के संदिग्धों से जुड़े मामले पर भारत का पक्ष रखा।
‘तय कानूनी प्रक्रिया के तहत देख रहे हैं मामला’
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि शेख हसीना के प्रत्यर्पण का मामला भारत के पास है और इस पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हादी की हत्या का मामला कानूनी विषय है और इसकी जांच अभी जारी है।
उन्होंने कहा, “जहां तक पूर्व प्रधानमंत्री के प्रत्यर्पण और हादी के मामले का सवाल है, हादी का मामला एक कानूनी विषय है, जिसकी जांच अभी चल रही है। प्रत्यर्पण के मामले पर हमारा रुख हमेशा की तरह बिल्कुल साफ है कि हम अपनी तय कानूनी प्रक्रियाओं के हिसाब से इस मामले को देख रहे हैं।”
भारतीय उच्चायुक्त ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री से की मुलाकात
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि भारत के उच्चायुक्त ने 10 अगस्त को बांग्लादेश के प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच आपसी हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, बैठक में शेख हसीना के प्रत्यर्पण के अलावा बांग्लादेशी एक्टिविस्ट शरीफ उस्मान हादी की हत्या के आरोपियों को भारत से वापस लाने के मुद्दे पर भी बातचीत हुई।
बांग्लादेश ने तेज प्रक्रिया की जताई उम्मीद
इससे पहले ढाका में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद बांग्लादेश के प्रधानमंत्री प्रेस विंग की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि बांग्लादेश को उम्मीद है कि भारत शेख हसीना की वापसी की प्रक्रिया में तेजी लाएगा। बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ढाका ने भारत से शरीफ उस्मान हादी की हत्या में कथित रूप से शामिल आरोपियों को भी वापस सौंपने की मांग की है।
क्या है शरीफ उस्मान हादी हत्याकांड?
शरीफ उस्मान हादी को पिछले साल 12 दिसंबर को ढाका के पलटन रोड इलाके में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मार दी थी। रिपोर्टों के अनुसार, हमलावरों ने रिक्शे पर जा रहे हादी को सिर में गोली मारी थी। इस मामले में आरोपियों की वापसी को लेकर भी बांग्लादेश भारत से सहयोग की मांग कर रहा है।
फिलहाल शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि मामले पर फैसला निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं और संबंधित प्रावधानों के तहत ही लिया जाएगा।
