पटना :  बिहार सरकार के पर्यटन विभाग ने श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने विभागीय अधिकारियों तथा भागलपुर, मुंगेर और बांका के जिला प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक कर मेला आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि श्रावणी मेला का आयोजन 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान पर्यटन विभाग द्वारा कांवरियों और श्रद्धालुओं के लिए टेंट सिटी, शौचालय, स्नानघर, शुद्ध पेयजल, निर्बाध बिजली, कांवर स्टैंड, सूचना केंद्र और मनोरंजन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

सुल्तानगंज से दुम्मा तक दिखेगी शिवभक्ति की भव्य छटा

पर्यटन सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाबा अजगैबीनाथ धाम, सुल्तानगंज से बिहार सीमा दुम्मा तक पूरे श्रावणी मेला पथ को शिवमय स्वरूप दिया जाए। इसके तहत मेला मार्ग पर भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक लाइटिंग, विशेष सजावट तथा शिव मंत्रों की गूंज की व्यवस्था की जाएगी।

साथ ही अजगैबीनाथ धाम और विभिन्न टेंट सिटी में लाइट एंड साउंड शो, फाउंटेन शो, लेजर शो और ड्रोन शो के माध्यम से श्रावणी मेले की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महिमा का प्रदर्शन किया जाएगा।

कांवरियों के लिए बढ़ाई गई आवासीय सुविधाएं

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस वर्ष विभिन्न स्थानों पर बड़े पैमाने पर बेडयुक्त टेंट सिटी स्थापित किए जाएंगे। इनमें—

* अजगैबीनाथ, सुल्तानगंज – 500 बेड (पूर्व में 200)

* अबरखा (बांका) – 600 बेड

* धौरी (पहली बार) – 200 बेड

* गोड़ियारी – 250 बेड

* खैरा (मुंगेर) – 200 बेड

* धोबई – 200 बेड

* असरगंज (पहली बार) – 300 बेड

* तारापुर – 200 बेड

* संग्रामपुर – 200 बेड

सभी टेंट सिटी में पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं और कांवर स्टैंड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा पहली बार सभी टेंट सिटी में जीविका दीदी की रसोई भी संचालित होगी।

पूरे मेला अवधि में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं के मनोरंजन और सांस्कृतिक विरासत के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मेला के उद्घाटन और समापन समारोह में राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की प्रस्तुति होगी।

वहीं सभी टेंट सिटी में प्रत्येक सोमवार को राज्यस्तरीय कलाकारों और अन्य दिनों में जिलास्तरीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कलाकारों के चयन के लिए जिला स्तरीय स्क्रीनिंग समितियों के गठन का निर्देश भी दिया गया है।

भागलपुर में बनेंगे 25 स्वीस कॉटेज

पर्यटन विभाग ने भागलपुर में सोनपुर मेला की तर्ज पर 25 स्वीस कॉटेज विकसित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।

बैठक में बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर, पर्यटन निदेशक सह विशेष सचिव उदयन मिश्रा, जीविका के सीईओ हिमांशु शर्मा, महाप्रबंधक चंदन चौहान सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।