कोलंबो: श्रीलंकन एयरलाइंस की सिडनी जाने वाली एक फ्लाइट पर उड़ान के दौरान बिजली गिरने से हड़कंप मच गया। विमान में सवार 207 यात्रियों और 16 क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलटों ने विमान को वापस कोलंबो लौटाने का फैसला किया। राहत की बात यह रही कि विमान सुरक्षित रूप से भंडारनायके इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतर गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार को उस समय हुई जब फ्लाइट कोलंबो से सिडनी के लिए रवाना हुई थी। बिजली गिरने के तुरंत बाद यात्रियों ने जोरदार धमाके की आवाज सुनी। कुछ यात्रियों ने विमान के एक इंजन से कुछ समय के लिए आग की लपटें और चिंगारियां निकलती भी देखीं, जिससे विमान में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि, क्रू मेंबर्स ने स्थिति को तेजी से नियंत्रित किया और यात्रियों को शांत रखा। बाद में पायलटों ने घोषणा की कि विमान पर बिजली गिरने से एक इंजन को मामूली नुकसान पहुंचा है। एहतियातन उड़ान को रद्द कर विमान को वापस कोलंबो लाने का निर्णय लिया गया।
