चंडी (नालंदा): चंडी नगर पंचायत क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। भगवान मुसहरी के पास ओरिएंटल स्कूल के निकट रखा गया डस्टबिन पिछले एक महीने से कचरे से भरा हुआ है, लेकिन अब तक उसे खाली नहीं कराया गया है।

स्थानीय निवासी संजय कुमार ने बताया कि जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है, जबकि कागजी रिपोर्टों में सब कुछ व्यवस्थित दिखाया जाता है। उनका कहना है कि क्षेत्र में कई-कई दिनों तक सड़क पर झाड़ू लगाने वाली कर्मी भी नहीं आती हैं, जिससे आसपास गंदगी का अंबार लगा रहता है।

लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत की ओर से नियमित निगरानी और सफाई कार्य नहीं होने के कारण आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर स्कूल और आवासीय क्षेत्र के पास कचरे के ढेर से दुर्गंध और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय नागरिकों ने चंडी नगर पंचायत के अधिकारियों से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द से जल्द डस्टबिन को खाली कराया जाए तथा क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

नागरिकों का कहना है कि स्वच्छ और सुंदर चंडी के निर्माण के लिए नगर पंचायत को जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि लोगों को साफ-सुथरा और स्वस्थ वातावरण मिल सके।

 

रिपोर्ट: संजय कुमार (स्थानीय संवाददाता)

You missed