जमशेदपुर: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने अर्जुन मुंडा की दिवंगत माताजी स्वर्गीय सायरा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कल्पना सोरेन भी उनके साथ मौजूद रहीं और उन्होंने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिवंगत सायरा मुंडा की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा एवं उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही इस कठिन समय में परिवार को धैर्य, साहस और दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिवारजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वे उनके साथ हैं। मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन की उपस्थिति के दौरान माहौल भावुक रहा।

इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जमशेदपुर पहुंचने पर घोड़ाबांधा स्थित हेलीपैड पर स्थानीय प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मौके पर उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री का यह दौरा पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के परिवार के प्रति संवेदना और दुख की घड़ी में साथ खड़े रहने का संदेश रहा।

अमृता कुमारी

You missed