रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर रांची के खेलगांव में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से लगभग 9 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली 1,650 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों, खिलाड़ियों, कलाकारों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि 26 साल का युवा झारखंड संघर्ष और अनेक उतार-चढ़ाव को पार करते हुए आज एक नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। अलग राज्य के निर्माण के लिए भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर, कार्तिक उरांव और दिशोम गुरु शिबू सोरेन सहित अनेक महापुरुषों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को उन्होंने नमन किया।
9 हजार करोड़ की योजनाओं से विकास को मिलेगी गति

समारोह के दौरान कुल 1,650 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया गया। इनमें 5,941.86 करोड़ रुपये की लागत से 823 योजनाओं का शिलान्यास तथा 3,155.73 करोड़ रुपये की लागत से 820 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास की रफ्तार तेज करना और झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करना है।
50 लाख से अधिक परिवारों तक पहुंच रही आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि राज्य में 50 लाख से अधिक परिवारों तक प्रतिमाह कम से कम 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता पहुंच रही है। महिलाओं को सम्मान राशि मिलने से वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं और छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर परिवार की आर्थिक मजबूती में योगदान दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, जीआई टैगिंग और ऑनलाइन खरीद-बिक्री की व्यवस्था को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को भोजन देगी सरकार

शिक्षा और युवा विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से भोजन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है, ताकि उन्हें भोजन की चिंता न करनी पड़े और वे अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को मोबाइल, लैपटॉप और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों और विद्यालयों के उन्नयन से शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं।
2050 तक विकसित राज्यों की श्रेणी में होगा झारखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित एवं अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करना सरकार का लक्ष्य है। राज्य में खनिज संपदा, प्राकृतिक संसाधनों, खेल, कला, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। जरूरत दृढ़ संकल्प, ईमानदार सोच और सामूहिक प्रयास की है। उन्होंने युवाओं से राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी ही समृद्ध झारखंड के निर्माण का सबसे मजबूत आधार है।
जल, जंगल और जमीन का संरक्षण जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल, जंगल, जमीन, पहाड़ और नदी-नाले केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। इनका संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर भविष्य दिया जा सके।
उन्होंने कहा कि झारखंड ने अपनी खनिज संपदा के माध्यम से देश और दुनिया को समृद्ध किया है, लेकिन राज्य के आदिवासी और मूलवासी लंबे समय तक विकास की दौड़ में पीछे रहे। अब समय है कि इस पिछड़ेपन को दूर कर झारखंड को विकास के नए मुकाम तक पहुंचाया जाए।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में विशिष्ट सेवाओं, वीरता और उत्कृष्ट योगदान के लिए विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को सम्मानित किया गया। पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को झारखंड मुख्यमंत्री पदक (वीरता) से अलंकृत किया गया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों में बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों, खिलाड़ियों और कलाकारों को भी सम्मान मिला। मैट्रिक, इंटर और इंजीनियरिंग परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार और लैपटॉप प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर बंदियों के मानवीय व्यवहार से संबंधित पुस्तिका ‘The Jharkhand Prison Journal 2025’ का विमोचन किया गया। वहीं वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से निर्मित फिल्म ‘अरण्य’ का टीजर भी प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और विशिष्ट अतिथियों ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा विभागीय उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी ली।

इस अवसर पर राज्य के कई मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे नागरिक उपस्थित रहे।
अमृता कुमारी
