नई दिल्ली : जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा ने नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दरभंगा एयरपोर्ट पर निर्माणाधीन स्थायी सिविल एन्क्लेव के सभी कार्य आगामी नवंबर तक पूरा करने और यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने का अनुरोध किया।

नवंबर तक जरूरी प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन

केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू ने संजय झा को आश्वस्त किया कि दरभंगा एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने के लिए मंत्रालय से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं नवंबर तक पूरी कर ली जाएंगी। साथ ही गृह मंत्रालय से संबंधित जरूरी सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा। मुलाकात के बाद संजय कुमार झा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

यात्रियों की बढ़ती संख्या से बढ़ी एयरपोर्ट की अहमियत

संजय झा ने केंद्रीय मंत्री को आंकड़ों के साथ बताया कि दरभंगा एयरपोर्ट से यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे इसकी व्यावसायिक उपयोगिता और अंतरराष्ट्रीय क्षमता स्पष्ट होती है। उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट मिथिला, उत्तर बिहार, नेपाल सीमा से सटे इलाकों और आसपास के राज्यों के यात्रियों के लिए प्रमुख केंद्र बन चुका है। अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू होने से प्रवासी भारतीयों, व्यवसायियों और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्रीय पर्यटन और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

एयरपोर्ट विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण अंतिम चरण में

राज्यसभा सांसद ने बताया कि बिहार सरकार द्वारा दरभंगा एयरपोर्ट के विस्तार के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि इस माह के अंत तक अधिग्रहण की पूरी प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी, जिससे एयरपोर्ट विस्तार कार्य को तेजी मिलेगी।