नगरनौसा(नालंदा) : दिव्यांगजनों के आवागमन को सुगम बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सोमवार को नगरनौसा प्रखंड में सराहनीय पहल की गई। कार्यक्रम आयोजित कर जरूरतमंद दिव्यांगजनों के बीच मोटर चालित ट्राइसाइकिल का वितरण किया गया।कार्यक्रम में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सरकारी उपक्रमों संबंधी समिति के सभापति सह हरनौत विधायक हरिनारायण सिंह ने लाभार्थियों के बीच मोटर चालित वाहनों का वितरण किया।

वाहन मिलने के बाद लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ नजर आया। लाभार्थियों ने कहा कि मोटर चालित वाहन मिलने से उनके दैनिक आवागमन में काफी सुविधा होगी तथा वे पहले की अपेक्षा अधिक स्वतंत्र होकर अपने कार्यों को पूरा कर सकेंगे। इस अवसर पर विधायक हरिनारायण सिंह ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। उनके सम्मान, सुविधा और आत्मनिर्भरता के लिए सरकार एवं जनप्रतिनिधियों की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने से दिव्यांगजन शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और सामाजिक गतिविधियों में अधिक स्वतंत्रता के साथ भाग ले सकेंगे।उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। दिव्यांगजनों को सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें किसी पर निर्भर रहने के बजाय आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाने चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने लाभार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने दिव्यांगजनों को भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए उनके उज्ज्वल एवं आत्मनिर्भर भविष्य की कामना की।मौके पर नालंदा जिला जदयू उपाध्यक्ष अनिल कुमार, बीडीओ ओमप्रकाश कुमार, संबंधित विभाग के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समेत बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट