बिहारशरीफ (नालंदा): बिहार के नालंदा में राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय रग्बी अंडर-17 एवं अंडर-19 बालिका प्रतियोगिता सत्र 2026-27 का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना और जिला प्रशासन नालंदा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सुश्री सारा अशरफ ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता 12 से 14 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है।

डीडीसी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डीडीसी सारा अशरफ ने कहा कि खेल शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने बालिका खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि बिहार की बेटियां खेल के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं और राज्य का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को हार-जीत की चिंता किए बिना खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। इनमें अपर समाहर्ता, विभागीय जांच, डीसीएलआर बिहारशरीफ और जिला खेल पदाधिकारी सह जिला परिवहन पदाधिकारी नालंदा श्री रवि रंजन कुमार प्रमुख रूप से शामिल रहे। अधिकारियों ने खेल मैदान में पहुंचकर दोनों आयु वर्गों की खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया।
10 टीमें और 250 खिलाड़ी ले रही हैं हिस्सा

इस प्रतियोगिता में बिहार के सभी नौ प्रमंडलों की चयनित टीमों के साथ एकलव्य खेल केंद्र की टीम भी भाग ले रही है। प्रतियोगिता में कुल 10 टीमें शामिल हैं। लगभग 250 बालिका खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए नालंदा पहुंची हैं।
खिलाड़ियों के मार्गदर्शन और टीमों के संचालन के लिए 30 टीम प्रभारी तैनात किए गए हैं। वहीं, मुकाबलों के निष्पक्ष एवं तकनीकी संचालन की जिम्मेदारी 20 तकनीकी अधिकारियों को सौंपी गई है।
शानदार प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका

यह प्रतियोगिता बिहार की उभरती हुई रग्बी खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन, खेल कौशल और अनुशासन के आधार पर चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय विद्यालय रग्बी प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसके माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व कर सकेंगी।
खिलाड़ियों के लिए किए गए व्यापक इंतजाम
प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों के प्रदर्शन से खेल मैदान में उत्साह का माहौल बना रहा और दर्शकों ने तालियों के साथ उनका हौसला बढ़ाया। जिला प्रशासन की ओर से दूसरे जिलों से आई खिलाड़ियों, टीम प्रभारियों और अधिकारियों के लिए आवास, भोजन, सुरक्षा तथा प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई है।

तीन दिनों तक चलने वाली यह प्रतियोगिता 14 अक्टूबर को फाइनल मुकाबलों और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न होगी। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर बालिका रग्बी को बढ़ावा देना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर उपलब्ध कराना है।
नालंदा से संजय कुमार की रिपोर्ट
